एच 1 एन 1 के लिए जिला अस्पताल में 10 बेड रिजर्व, घबराएं नहीं, सावधानी बरतना जरूरी

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

 उन्नाव। जिले में इन्फ्लुएंजा वायरस एच 1 एन 1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया है। एहतियात के तौर पर अस्पताल में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने संक्रमण की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
 
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुनील शुक्ला ने शनिवार को बताया कि एच 1 एन 1 सहित सांस से फैलने वाली बीमारियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मरीजों की संख्या और उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद 10 बेड रिजर्व किए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को भर्ती कर उपचार और चिकित्सकीय निगरानी में रखा जा सके।
 
चिकित्सकों के अनुसार एच 1 एन 1 की शुरुआत में खांसी, बुखार, गले में खराश और नाक बहने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। अधिकांश मामलों में मरीज की स्थिति गंभीर नहीं होती और चिकित्सकीय सलाह पर घर पर रहकर भी उपचार संभव है। हालांकि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मरीज को आइसोलेशन में रखना महत्वपूर्ण है।
 
डॉक्टर ने सलाह दी है कि यदि किसी व्यक्ति को खांसी, बुखार या गले में परेशानी हो तो वह घर पर रहे, जांच कराए और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवा ले। ऐसे व्यक्तियों को परिवार के अन्य सदस्यों से दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने की सलाह दी गई है। मरीज को छूने या उसके संपर्क में आने के बाद हाथों को अच्छी तरह धोना आवश्यक है।
 
चिकित्सकों के मुताबिक यदि मरीज को तेज बुखार के साथ सांस फूलने लगे, सांस लेने में अत्यधिक परेशानी हो या हालत बिगड़ने लगे तो उसे तत्काल अस्पताल ले जाना चाहिए। ऐसे गंभीर मरीजों को भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखने की आवश्यकता पड़ सकती है।
 
स्वस्थ लोगों को भी संक्रमण से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने की सलाह दी गई है। किसी भी सतह या वस्तु को छूने के बाद हाथ धोने की आदत डालें। हाथों को बार-बार आंख, नाक और मुंह के पास ले जाने से बचें। खांसी या छींक आने पर मुंह और नाक को मास्क अथवा कोहनी से ढकें, ताकि संक्रमण दूसरे लोगों तक न पहुंचे।
 
डॉक्टर ने लोगों को कोविड काल में अपनाई गई सावधानियों को ही सांस से फैलने वाली बीमारियों में भी अपनाने की सलाह दी है। इसके अलावा तला-भुना और अधिक ऑयली खाना कम करने, सादा भोजन लेने, पर्याप्त पानी पीने और गर्म पानी में नमक डालकर गरारे करने की सलाह दी गई है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार