पेट्रोल पंप पर हंगामा, ईंधन की जगह निकला पानी; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात ।
 
नैनी, प्रयागराज।
 
 मिर्जापुर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब ग्राहकों ने गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी भरे जाने का आरोप लगाया। इस घटना का एक वीडियो बुधवार शाम से इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गाड़ियों की टंकियों और बोतलों में निकाला गया ईंधन पूरी तरह पानी जैसा नजर आ रहा है।
सड़क पर बंद हुईं गाड़ियां, उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन
 
यह मामला नैनी के मिर्जापुर रोड पर इंडियन होटल और सब्जी मंडी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप का है। स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों के अनुसार, पंप से तेल डलवाने के कुछ ही दूरी बाद कई दोपहिया और चारपहिया वाहन अचानक बंद हो गए। जब कुछ चालकों ने मैकेनिक से गाड़ी की जांच करवाई, तो टैंक से पेट्रोल के बजाय पानी और तेल का मिलाजुला गाढ़ा तरल पदार्थ निकला।
 
इसके बाद गुस्साए वाहन चालक भारी संख्या में पेट्रोल पंप पर इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं ने बोतल में पेट्रोल लेकर दिखाया, जो पूरी तरह पारदर्शी और पानी जैसा था।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
 
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और खाद्य एवं रसद विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर आक्रोशित भीड़ को शांत कराया। अधिकारियों ने पंप के नोजल और अंडरग्राउंड स्टोरेज टैंक से ईंधन के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद पंप संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
विशेषज्ञों का अनुमान: 
 
 
'फेज सेपरेशन' हो सकता है कारण
पेट्रोलियम क्षेत्र के तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अक्सर बारिश या जमीन के अंदर रिसाव के कारण होती हैं। वर्तमान में पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाया जाता है। यदि पेट्रोल पंप के अंडरग्राउंड (भूमिगत) टैंक में किसी दरार या लीकेज की वजह से पानी चला जाता है, तो इथेनॉल पेट्रोल को छोड़कर पानी के साथ मिल जाता है। इस प्रक्रिया को 'फेज सेपरेशन'  कहते हैं। इसके कारण पानी और इथेनॉल का भारी मिश्रण टैंक के निचले हिस्से में बैठ जाता है, और जब नोजल से तेल निकाला जाता है, तो ग्राहकों की गाड़ियों में पेट्रोल की जगह वही पानी पहुंच जाता है।
 
फिलहाल एहतियात के तौर पर उक्त पेट्रोल पंप की बिक्री पर रोक लगा दी गई है और विस्तृत जांच जारी है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार