महाराजपुर में व्यक्ति की गला रेत कर हत्या 

कमिश्नरेट कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाथीगांव में उसी गांव के निवासी कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की गला रेत कर हत्या कर दी।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

कानपुर। कमिश्नरेट कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाथीगांव में उसी गांव के निवासी कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की गला रेत कर हत्या कर दी। घटना की सूचना पाते ही थाना पुलिस व पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
 
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि दिनांक 16.07.2026 को प्रातः लगभग 05:30 बजे थाना महाराजपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम हाथी गांव निवासी हरिमोहन यादव का शव उनके खेत के बाहर स्थित ट्यूबवेल के पास पड़ा है। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने वाला गंभीर घाव प्रतीत होता है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है।
 
पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने बताया कि मृतक के परिजनों से वार्ता की गई है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर में ग्राम के ही निवासी मुलायम सिंह यादव, अर्जुन एवं श्याम पर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। तहरीर के आधार पर थाना महाराजपुर में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किए जाने हेतु निर्देश दिए गए हैं।
 
प्रकरण की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। परिजनों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ कर साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। घटना के कारण एवं अन्य तथ्यों का शीघ्र ही स्पष्ट खुलासा किया जाएगा। मामले में विधिक प्रक्रिया के अनुसार अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें