ज्ञापन सौंपकर भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय सुदामा ने मंडलायुक्त बस्ती से समस्त समाधान की उठाई मांग
मनोरमा-रामरेखा-कुआनो नदियों के संरक्षण, अवैध टोल व राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कीअनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग
बस्ती। बस्ती जिले के हरैया विधानसभा क्षेत्र केभाजपा नेता एवं समाजसेवी चन्द्रमणि पाण्डेय "सुदामाजी" ने आज मंडलायुक्त बस्ती को संबोधित ज्ञापन अपर आयुक्त बस्ती को सौंपकर जनहित एवं पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में मनोरमा, रामरेखा एवं कुआनो नदियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, प्रदूषण रोकने, राष्ट्रीय राजमार्ग-27/28 के निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच तथा मानकविहीन टोल प्लाजा चौकड़ी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
श्री पाण्डेय ने कहा कि 05 फरवरी 2026 से लगातार जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को अनेक प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
आज भी नदियों में गंदे नालों का पानी गिर रहा है, अवैध अतिक्रमण बने हुए हैं तथा जल प्रवाह बाधित होने से पर्यावरण, जनस्वास्थ्य और धार्मिक आस्था प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में मांग की गई कि मनोरमा, रामरेखा एवं कुआनो नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए समयबद्ध विशेष अभियान चलाया जाए, नदी की भूमि से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं, बिना शोधन के गंदे पानी के प्रवाह पर रोक लगे, जल प्रवाह सुनिश्चित करने हेतु वैज्ञानिक कार्ययोजना लागू की जाए तथा कूड़ा फेंकने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
इसके साथ ही श्री पाण्डेय ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27/28 के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई, गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पुनः निर्माण तथा निर्माण कार्य में नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग भी की। उन्होंने बताया कि गुणवत्ता विहीन लेपन के संदर्भ में 30/10/2025 को ही प्रार्थना पत्र दिया था यदि उसी समय ध्यान दिया गया होता तो आज हाइवे में जगह जगह गड्ढे न होते।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में मानक विपरीत टोल प्लाजा संचालित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय जनता को अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर जनहित में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।चन्द्रमणि पाण्डेय "सुदामाजी" ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध नहीं, बल्कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण, विकास कार्यों में गुणवत्ता और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंडलायुक्त बस्ती जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करेंगे और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
swatantra prabhat basti news environmental protection Uttar Pradesh Development News Manorama River Kuwano River Ramrekha River Toll Plaza Issue Chandramani Pandey Sudamaji Harraya Assembly River Encroachment Removal NH-27 Construction NH-28 Investigation Basti Commissioner Office Public Interest Memorandum


Comments