बीमार भाई के लिए दवा लेने निकले थे दो सगे भाई, सड़क हादसे ने दोनों की जिंदगी छीन ली

एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से गांव अमनपुर गौटिया में मातम पसर गया

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

तिलहर। बीमार भाई के लिए दवा लेने निकले दो सगे भाइयों की शुक्रवार तड़के लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन की भीषण टक्कर में एक भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से गांव अमनपुर गौटिया में मातम पसर गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। क्षेत्र के गांव अमनपुर गौटिया निवासी अजय शर्मा अपने छोटे भाई विजय शर्मा (35) के साथ शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे बाइक से तिलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दवा लेने जा रहे थे। परिजनों के अनुसार, रात में विजय की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। घर में दवा न होने पर दोनों भाई तत्काल अस्पताल के लिए निकले थे।
 
लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंडियन गैस एजेंसी के पास लकड़ी की टाल के सामने पहुंचते ही अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां चिकित्सकों ने विजय शर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
 
एक ही दिन में परिवार के दो बेटों की मौत से घर में कोहराम मच गया। विजय शर्मा अपने पीछे पत्नी रितु, पुत्र कार्तिक तथा पुत्रियां मानसी और नित्या को छोड़ गए हैं। पिता रामभरोसे, मां बिमला देवी, भाई संजय और नीरज तथा बहनें नीमा देवी और नीलम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि विजय शर्मा पहले फैक्ट्री में काम करते थे, जबकि अजय शर्मा कपड़ों की सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। एक ही हादसे में दोनों भाइयों की मौत ने परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर गहरा आघात पहुंचाया है।
 
सीओ इशिका सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना होना सामने आया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें