साउथ मलाका हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, दोस्त ही निकला चार हत्याओं का मास्टरमाइंड।
लूट की साजिश में पूरे परिवार का किया कत्ल, फिर राज छिपाने के लिए दोस्त अभिषेक को भी उतारा मौत के घाट।
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता सरस सिंह
प्रयागराज।
कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का प्रयागराज पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी सनी गुप्ता को मुंडीगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में लूटे गए आभूषण, नकदी और हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप भी बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लूट के उद्देश्य से अपने मित्र अभिषेक वैश्य के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था, लेकिन बाद में लालच के चलते उसने अभिषेक की भी हत्या कर दी, ताकि लूट का पूरा माल स्वयं हड़प सके और घटना का कोई गवाह न बचे।
चार शव मिलने से मचा था हड़कंप
गौरतलब है कि 2 जून को साउथ मलाका स्थित एक मकान से एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव बरामद होने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। मृतकों की पहचान व्यवसायी वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता वैश्य, पुत्री मीनाक्षी वैश्य और पुत्र अभिषेक वैश्य के रूप में हुई थी।
Read More आंधी-तूफान और बारिश से मिर्जापुर बेहाल, टिनशेड उड़े, पोल्ट्री फार्म ढहे, अंडरब्रिज में भरा पानीबंद मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर चारों के शव बरामद किए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने तत्काल जांच शुरू की थी।
दोस्ती का भरोसा बना मौत का कारण
पुलिस के अनुसार सनी गुप्ता और अभिषेक वैश्य के बीच अच्छी मित्रता थी। इसी दोस्ती का फायदा उठाकर आरोपी घर के भीतर पहुंचा। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों ने घर में रखे कीमती आभूषण और नकदी लूटने की योजना बनाई थी।
योजना के तहत परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया गया। वारदात के दौरान लोहे के पाइप से हमला कर वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता और बेटी मीनाक्षी की हत्या कर दी गई। इसके बाद जब लूट के माल के बंटवारे की बात आई तो आरोपी की नीयत बदल गई और उसने अपने साथी अभिषेक को भी मौत के घाट उतार दिया।
मुंडीगंज से हुई गिरफ्तारी
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी सनी गुप्ता को मुंडीगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
भारी मात्रा में जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए कीमती आभूषण और अन्य सामान बरामद किए हैं। बरामदगी में— 1 किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण,लगभग 360 ग्राम चांदी, अन्य कीमती सामान,हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप शामिल हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
इतने बड़े और संवेदनशील हत्याकांड का 12 घंटे के भीतर खुलासा होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका।
शहर में चर्चा का विषय बना हत्याकांड
साउथ मलाका का यह चारहरा हत्याकांड पूरे प्रयागराज में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिस दोस्त पर परिवार को भरोसा था, उसी के लालच ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। घटना ने रिश्तों में बढ़ती स्वार्थपरता और अपराध की भयावह तस्वीर को भी सामने ला दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Comments