पीएम सूर्यघर योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मुख्य विकास अधिकारी ने दिए कड़े निर्देश
बैंक और विभागों में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए विशेष समीक्षा बैठक
प्रयागराज । मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को संगम सभागार में पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने योजना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में गति लाने और लापरवाही को बर्दाश्त न करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने योजना से जुड़े वेण्डरों से चर्चा करते हुए पंजीकरण से लेकर स्मार्ट मीटर लगने तक प्रत्येक चरण में प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए परियोजना अधिकारी नेडा को निर्देशित किया।
उन्होंने प्रतिदिन संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट लेने के निर्देश भी दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्य में लापरवाही और बैठक में अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई अवश्य होगी। इसी क्रम में विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता म्योहाल का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत बैंकों में लंबित आवेदनों का त्वरित निस्तारण करने और पात्र लोगों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
विशेष रूप से बैंक ऑफ बड़ौदा के नैनी, करछना और कोरांव शाखाओं में लोन न देने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई और शीघ्र स्वीकृति की चेतावनी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है। योजना के तहत आवासीय घरों की छतों पर सौर पैनल लगाकर बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि योजना का लक्ष्य अभी अपेक्षित प्रगति के मुकाबले कम है, इसलिए संबंधित अधिकारियों को सक्रिय होकर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यूपी नेडा को आमजन में योजना के लाभों का व्यापक प्रचार- प्रसार करने और सरकारी कार्यालयों तथा भवनों में भी सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आवेदनकर्ताओं को निर्धारित समय में योजना के लाभ से कवर किया जाए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर विद्युत विभाग, यूपी नेडा और अन्य सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Comments