Haryana: हरियाणा कैबिनेट की बैठक आज, पीएम मोदी के दौरे और योजनाओं को लेकर बनेगी रणनीति
Haryana Cabinet Meeting: हरियाणा कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आज (12 अक्टूबर) सुबह चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। बैठक में आगामी 17 अक्टूबर को सोनीपत के राई में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है।
पहले टली थी बैठक, अब अहम एजेंडों पर होगी चर्चा
इससे पहले यह कैबिनेट बैठक शनिवार शाम को होनी थी, लेकिन आईपीएस वाई पूरन कुमार के कथित आत्महत्या मामले को लेकर बने संवेदनशील माहौल के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि बैठक का समय परिवर्तित कर 12 अक्टूबर की सुबह निर्धारित किया गया है।
पीएम के दौरे में हो सकते हैं बड़े ऐलान
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन और घोषणाओं पर चर्चा की जाएगी। सरकार की योजना है कि 17 अक्टूबर को गरीबों के लिए 32 हजार प्लॉट और फ्लैट आवंटन की दो प्रमुख योजनाएं शुरू की जाएं। इनमें से 25,000 प्लॉट और 7,000 से अधिक फ्लैट शामिल हैं, जिन्हें प्रदेश भर के विभिन्न शहरों में तैयार किया गया है। इन योजनाओं के माध्यम से सरकार सामाजिक और आवासीय सुरक्षा को मजबूती देने की दिशा में कदम उठा रही है।
दिल्ली-कटरा हाईवे का भी हो सकता है उद्घाटन
बैठक में इस बात पर भी विचार होगा कि दिल्ली-कटरा हाईवे, जो हरियाणा से होकर गुजरता है, का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इसी दौरे में किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी गई है ताकि समय पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके।
आईपीएस पूरन कुमार केस का दबाव
सूत्रों के अनुसार, आईपीएस वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद उत्पन्न राजनीतिक और सामाजिक असंतोष को देखते हुए सरकार पर माहौल को शांत करने का दबाव बना हुआ है। एससी समाज और उनसे जुड़े संगठन इस मुद्दे पर नाराज़गी जता रहे हैं, वहीं विपक्ष भी इसे लेकर सक्रिय है। ऐसी स्थिति में संभावना है कि कैबिनेट बैठक में एससी समाज के लिए विशेष घोषणाएं की जा सकती हैं, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले राज्य का माहौल सामान्य किया जा सके।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l


Comments