नैनी में 181 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36.20 लाख रुपये

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स टास्क फोर्स, अपराध शाखा कमिश्नरेट प्रयागराज और नैनी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात ।
 
नैनी, प्रयागराज।
 
 अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स टास्क फोर्स, अपराध शाखा कमिश्नरेट प्रयागराज और नैनी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चक भटाही स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 181 ग्राम अवैध स्मैक और 1,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 36 लाख 20 हजार रुपये है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 को संयुक्त टीम ने नैनी थाना क्षेत्र के चक भटाही में अभियान चलाया। इस दौरान शाहजी का पुरा, एडीए नैनी निवासी महेश भारतीया (34) पुत्र अशोक भारतीया और रोमिल भारतीया (25) पुत्र गुड्डू भारतीया को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 181 ग्राम अवैध स्मैक और 1,220 रुपये नकद बरामद हुए।
इस मामले में थाना नैनी में मुकदमा अपराध संख्या 544/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
 
पूछताछ में दो अन्य व्यक्तियों के नाम बताए
 
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि कमलेश भारतीया उर्फ बड़कऊ और आकाश भारतीया उर्फ छोटकऊ, दोनों पुत्र स्वर्गीय विद्यानंद भारतीया निवासी चक भटाही, उन्हें कथित तौर पर प्रतिदिन स्मैक उपलब्ध कराते थे। इसके बाद वे आने-जाने वाले लोगों को स्मैक बेचते थे। आरोपितों ने बताया कि इसके बदले उन्हें प्रतिदिन दो-दो हजार रुपये दिए जाते थे। बरामद 1,220 रुपये के संबंध में उन्होंने इसे स्मैक की बिक्री से प्राप्त रकम बताया। पुलिस मामले में बताए गए अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर सकती है।
 
महेश भारतीया का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
 
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महेश भारतीया के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 में मारपीट और घर में घुसने से संबंधित धारा 323/452 भादवि का मामला, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत एक मामला तथा वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।
 
संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई
 
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली नारकोटिक्स टास्क फोर्स, अपराध शाखा कमिश्नरेट प्रयागराज की टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश गिरी, कांस्टेबल विशाल सिंह, नंदलाल, कुलदीप सिंह और पुष्पेंद्र तेबतिया शामिल रहे। वहीं, थाना नैनी पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक मनोज सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार और आशीष वर्मा ने कार्रवाई में भाग लिया।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें