कानपुर में ओवरस्पीडिंग पर पुलिस का शिकंजा, 394 वाहनों के चालान
एनएच-34, एनएच-19 और गंगा बैराज पर इंटरसेप्टर मोबाइल से हुई कार्रवाई, यातायात पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की
कानपुर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग-34, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 और गंगा बैराज पर इंटरसेप्टर मोबाइल के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 394 वाहनों के ओवरस्पीडिंग में चालान किए गए।
यातायात पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर सबसे अधिक 271 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 66 ट्रक, सात बस और 198 चार पहिया व दो पहिया वाहन शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर 62 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई, जिनमें पांच ट्रक, तीन बस और 54 चार पहिया व दो पहिया वाहन शामिल हैं। इसके अलावा गंगा बैराज पर 61 वाहनों का ओवरस्पीडिंग में चालान किया गया।
पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार रहने की अपील की है। यातायात पुलिस ने कहा कि तेज रफ्तार में वाहन चलाना न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
पुलिस ने वाहन चालकों को रॉन्ग साइड वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा ओवरटेक हमेशा दाईं ओर से करने की सलाह दी है। साथ ही यातायात संकेतों का पालन करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है। वाहन चालकों की सतर्कता और जिम्मेदारी से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।
#SwatantraPrabhat #KanpurNews #कानपुरसमाचार #UttarPradeshNews #RoadSafety #TrafficRules #TrafficPolice #सड़कदुर्घटना #KanpurTrafficPolice #कानपुरट्रैफिकपुलिस #NH34 #NH19 #गंगाबैराज #सड़कसुरक्षा #यातायातनियम #ट्रैफिकचेकिंग #वाहनचालान #सीटबेल्ट #यातायातपुलिस #ओवरस्पीडिंग #कानपुरन्यूज #ट्रैफिकनियम #तेजरफ्तार #हेलमेटअनिवार्य #OverspeedingChallan


Comments