यूनेस्को एमआईएल एलायंस में डॉ. रुचिता को सदस्यता

भाषा विश्वविद्यालय के मीडिया साक्षरता प्रयासों को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

अजय यादव Picture
Published On

संवाददाता प्रगति यादव 
 
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं प्रभारी डॉ. रुचिता सुजय चौधरी को यूनेस्को मीडिया एवं सूचना साक्षरता (एमआईएल) एलायंस की सदस्यता प्रदान की गई है। मीडिया एवं सूचना साक्षरता के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए मिली यह सदस्यता विश्वविद्यालय के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
 
यूनेस्को का एमआईएल एलायंस विश्व स्तर पर मीडिया एवं सूचना साक्षरता, आलोचनात्मक सोच, विश्वसनीय सूचना की पहचान और जिम्मेदार मीडिया उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है। डॉ. रुचिता ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों में मीडिया साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं।
 
उनके सेंटर फॉर मीडिया एंड इनफार्मेशन लिटरेसी के माध्यम से लखनऊ, सीतापुर, बरेली और बाराबंकी समेत विभिन्न जिलों के 40 से अधिक विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं मीडिया पेशेवरों के लिए मीडिया साक्षरता टूलकिट, पाठ्यक्रम और एआई तैयारी से जुड़ी शैक्षणिक पहलें भी विकसित की हैं। इसके अलावा वह तथ्य-जांच एवं सूचना सत्यापन के क्षेत्र में प्रमाणित प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर रही हैं।
 
एमआईएल एलायंस से जुड़ने के बाद डॉ. रुचिता को विभिन्न देशों के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और मीडिया विशेषज्ञों के साथ ज्ञान-विनिमय का अवसर मिलेगा। इससे मीडिया साक्षरता, एआई तैयारी, तथ्य-जांच और जिम्मेदार डिजिटल संचार के क्षेत्र में संयुक्त शोध एवं प्रशिक्षण की संभावनाएं बढ़ेंगी।
 
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने डॉ. रुचिता को बधाई देते हुए कहा कि डिजिटल युग में मीडिया एवं सूचना साक्षरता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि डॉ. रुचिता की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के मीडिया साक्षरता, एआई तैयारी और जिम्मेदार डिजिटल नागरिकता से जुड़े प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार