नवरात्रि से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, करीब 60 हजार रुपये का तेल सीज
नवरात्रि और त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के छह नमूने लिए और करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सरसों के तेल को सीज किया।
विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के छह नमूने लिए, जांच के लिए भेजे जाएंगे
राजू उपाध्याय जिला संवाददाता फ़िरोज़ाबाद
विवेक शर्मा संवाददाता टूण्डला
फ़िरोज़ाबाद / टूण्डला
आगामी नवरात्रि और त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के छह नमूने संग्रहित किए। इस दौरान करीब 60 हजार रुपये मूल्य का सरसों का तेल सीज किया गया।
खाद्य आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद में अधिक खपत वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर जांच और प्रवर्तन की कार्रवाई की।
कई प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
गालिब नगर स्थित शाहनवाज किराना स्टोर से सरसों के तेल का नमूना लिया गया। मौके पर आठ कनस्तरों में रखे करीब 120 किलोग्राम सरसों के तेल को सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 20,650 रुपये बताई गई है।
वहीं, आगरा गेट स्थित पारसनाथ ट्रेडर्स से घी के दो नमूने और कोटला रोड स्थित मयंक ट्रेडर्स से अखरोट का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा टूण्डला के एटा रोड स्थित विक्रेता तरुण जैन के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का एक नमूना लिया गया। यहां उपलब्ध करीब 198 लीटर सरसों के तेल को भी सीज करने की कार्रवाई की गई।
विभाग की ओर से संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट की आशंका वाले प्रतिष्ठानों पर रहेगी नजर
सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मिलावट की रोकथाम के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। मिलावट की आशंका वाले प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खाद्य प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री या भंडारण पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Comments