पं. दीनदयाल पशु आरोग्य मेले में 429 पशुओं का पंजीकरण
गढ़ी भक्ति में आयोजित पशु आरोग्य मेले में पशुपालकों को टीकाकरण, पशुधन बीमा और पशुओं को बीमारियों से बचाने के उपायों की दी गई जानकारी।
विवेक शर्मा संवाददाता टूण्डला
टूण्डला।
राजकीय पशु चिकित्सालय टूण्डला के अंतर्गत ग्राम गढ़ी भक्ति में मंगलवार को पं. दीनदयाल पशु आरोग्य मेला एवं शिविर का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ ग्राम प्रधान मीरा देवी एवं प्रधान पति बनवारी लाल ने किया। कार्यक्रम का आयोजन उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी टूण्डला डॉ. सत्येंद्र निगम के निर्देशन में हुआ।
मेले में गौ पूजन के साथ पशुपालकों को पशुओं के टीकाकरण एवं पशुधन बीमा के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. अरविंद शंखो ने पशुओं में बांझपन की समस्या के कारण एवं उसके निदान की जानकारी दी। वहीं डॉ. सुरेंद्र सिंह ने पशुओं में होने वाले कृमि एवं जीवाणु संक्रमण से बचाव के उपाय बताए।

पशुपालकों को बताया गया कि दैवीय आपदा सहित विभिन्न परिस्थितियों में पशुओं की क्षति होने पर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पशुओं का पंजीकरण कराना आवश्यक है। कृषि विभाग के एडीओ कृषि विनोद कुमार ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। शिविर के दौरान 264 बड़े और 165 छोटे, कुल 429 पशुओं का पंजीकरण किया गया। साथ ही पशुओं को आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर पशुधन प्रसार अधिकारी छविराम, प्रमोद बाबू सहित विभागीय कर्मचारी एवं पशु चिकित्सक मौजूद रहे।


Comments