जसराना तहसील में समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 184 शिकायतें हुईं दर्ज
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सुनीं जनसमस्याएं, 13 मामलों का मौके पर निस्तारण; अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश
जसराना तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कुल 184 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 13 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शेष शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
संवाददाता फ़िरोज़ाबाद
फिरोजाबाद।
जनपद की तहसील जसराना में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद, ब्लॉक एवं तहसील स्तर के अधिकारियों ने दूर-दराज क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना।
समाधान दिवस में फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
184 शिकायतें आईं, 13 का मौके पर निस्तारण
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 184 मामले प्राप्त हुए। इनमें से 13 मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कराया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को संदर्भित किया गया।
आवास की मनरेगा मजदूरी का भुगतान कराने के निर्देश
ग्राम चिड़ई खास निवासी जसवंत सिंह पुत्र वेदराम ने ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवास की बकाया मनरेगा मजदूरी का भुगतान न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ जसराना को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
बिजली से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
ग्राम नगला धनी निवासी गंगासिंह ने ओवरलोड एवं लो-वोल्टेज की समस्या के चलते गांव में नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने की मांग की। वहीं नगला कौंस की गंगा देवी ने तेज बारिश एवं हवा के कारण शीशम का पेड़ गिरने से टूटे बिजली के पोल को बदलवाने की मांग रखी।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोल एवं ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
बैंक संबंधी शिकायत पर भी दिए निर्देश
गाड़ीवान, कस्बा जसराना निवासी मोहन बाबू पुत्र स्व. मुकेश वाल्मीकि ने शिकोहाबाद स्थित एसबीआई शाखा से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने मृतक के गारंटर से वसूली किए जाने तथा मूल ऋणधारक के परिजनों से वसूली न किए जाने का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मूल प्रमाण पत्र वापस कराने के निर्देश
ग्राम खेड़ा भाग उडेसर निवासी जयवीर सिंह पुत्र सुबेदार सिंह ने अपने दिव्यांग भाई के सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास योजना से संबंधित मूल प्रमाण पत्र राजस्व निरीक्षक द्वारा वापस न किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने तहसीलदार एवं तहसील राजस्व निरीक्षक को मूल कागजात वापस कराने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद में पुलिस बल के साथ जांच के आदेश
ग्राम रकुनपुर मढ़ैया निवासी डोरी सिंह ने भूमि पर पानी के भराव, नाली निर्माण एवं विपक्षी द्वारा किए गए कथित अवैध कब्जे के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार एवं राजस्व टीम को पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
11 माह से पेंशन न मिलने की शिकायत का हुआ समाधान
जसराना देहात के नगला घनी निवासी महीपाल पुत्र रामचंद ने बताया कि उन्हें पिछले 11 महीनों से दिव्यांग पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारी द्वारा मामले का त्वरित समाधान कराया गया।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, ताकि आमजन को वास्तविक राहत और न्याय मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित सभी जिला स्तरीय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Comments