त्योहारों को लेकर थाना टूण्डला में पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर
एसडीएम दिव्या सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने आयोजकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
विवेक शर्मा संवाददाता टूण्डला
टूण्डला।
आगामी दुर्गा पूजा, रामनवमी आदि त्योहारों को लेकर थाना टूण्डला परिसर में शांति एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी दिव्या सिंह ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार चौरसिया मौजूद रहे।
बैठक में अधिकारियों ने सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया। एसडीएम दिव्या सिंह ने पूजा समितियों एवं रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों से आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें और सभी आयोजक आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्यक्रम संपन्न कराएं।

क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार चौरसिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी विवाद की स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बैठक में तहसीलदार टूण्डला, थाना प्रभारी बैजनाथ सहित दुर्गा पूजा कमेटी, रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं नगर के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।


Comments