जनचौपाल से सीधे संवाद कर हर पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी
ग्राम पंचायत पाढ़म में आयोजित जनचौपाल में जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं, योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की ली जानकारी; 12 पात्रों के मौके पर बनाए गए आयुष्मान कार्ड
संवाददाता फ़िरोज़ाबाद
फिरोजाबाद।
जनपद के विकासखंड एका की ग्राम पंचायत पाढ़म में जनचौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनचौपाल में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ‘प्रशासन आपके द्वार’ की भावना को साकार करने के लिए जनचौपाल आयोजित की जा रही हैं। जिला प्रशासन की टीम ग्राम स्तर पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने, उनका पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान करने तथा सरकारी योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन का फीडबैक लेने का कार्य कर रही है।

अंतिम पंक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य, खाद्यान्न, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एवं स्वरोजगार सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
Read More राइज एंड फॉल 2 में काजल राघवानी का खुलासा, बोलीं- जिंदगी के मुश्किल दौर में उठाया था बड़ा कदमउन्होंने निर्देश दिए कि जनचौपाल के माध्यम से ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जो अब तक किसी योजना के लाभ से वंचित हैं। उनका आवश्यक पंजीकरण कराकर उन्हें पात्र योजनाओं से जोड़ा जाए।
गांव में नियमित जनसुनवाई के निर्देश
जनचौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्षेत्र के राजस्व लेखपाल सप्ताह में एक निर्धारित दिन ग्राम पंचायत भवन पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनें। पंचायत सचिव भी नियमित रूप से ग्राम स्तर पर जनसुनवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा बच्चों को निर्धारित मानक के अनुसार पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
स्वास्थ्य शिविर में बनाए गए आयुष्मान कार्ड
जनचौपाल स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से शिविर लगाए गए। बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों की जांच कर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। इस दौरान पूरन सिंह, अर्जुन सिंह, भोले सिंह, छाया देवी, जितेन्द्र सिंह, संतोष प्रताप, विद्या देवी, रेशमा देवी, रनवीर सिंह, ओमकार, सावित्री एवं अखिलेश कुमारी के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
बिजली के जर्जर तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश
जनचौपाल में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ढीले एवं जर्जर बिजली के तारों से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य जल्द पूरा कराने की सख्त हिदायत दी।
किसानों से फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने की अपील
जिलाधिकारी ने किसान बंधुओं से अपनी फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराने की अपील की, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का निर्बाध लाभ मिल सके।
उन्होंने ग्रामीणों से आसपास जलभराव न होने देने, स्वच्छता बनाए रखने तथा डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहने का भी आह्वान किया।
विद्यालय परिसर में किया वृक्षारोपण
जनचौपाल के उपरांत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। जनचौपाल के दौरान चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, समग्र शिक्षा विभाग एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा भी शिविर लगाए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अनिल कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Comments