ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक फिरोजाबाद के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन
ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक फिरोजाबाद के नवनिर्मित भवन का मेजर जनरल सुमित राना ने उद्घाटन किया। नए भवन से पूर्व सैनिकों, युद्ध विधवाओं, आश्रितों एवं अन्य लाभार्थियों को बेहतर, सुविधाजनक और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
राजू उपाध्याय जिला संवाददाता फ़िरोज़ाबाद
फिरोजाबाद।
पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक फिरोजाबाद के नवनिर्मित भवन का 8 अक्टूबर 2026 को उद्घाटन किया गया। उद्घाटन मेजर जनरल सुमित राना, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC), पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया ने किया।
नए भवन के शुरू होने से जिले के पूर्व सैनिकों, युद्ध विधवाओं, आश्रितों एवं अन्य ईसीएचएस लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण में मिल सकेंगी।
पॉलीक्लिनिक के OIC कर्नल यासीन ने बताया कि नए भवन में पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण और जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। भवन में मरीजों के बैठने और प्रतीक्षा की सुविधा के साथ सीएसडी सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि नए भवन का निर्माण GOC और स्टेशन कमांडर आगरा की व्यक्तिगत भागीदारी से संभव हो पाया है। नए भवन को पूर्व सैनिक समुदाय के प्रति सरकार एवं भारतीय सशस्त्र सेनाओं की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण कदम बताया गया।


Comments