108 दिव्यांगजनों को मिला सहारे का संबल, निःशुल्क बांटे सहायक उपकरण

सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शनिवार को बड़ी पहल की गई।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
 
बलरामपुर, 3 अक्टूबर।
 
सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शनिवार को बड़ी पहल की गई। विकास खंड बलरामपुर परिसर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से आयोजित निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर में पात्र दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कुल 108 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।
 
शिविर में मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने पात्र लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए। उपकरण पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। लाभार्थियों और उनके परिजनों ने सरकार की इस पहल को उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने वाला कदम बताया।
 
किसे मिला क्या सहारा
 
शिविर में 25 ट्राई साइकिल, 36 हियरिंग एड, 17 स्मार्ट केन, 12 व्हीलचेयर, 10 एमआर किट तथा 8 ब्रेल किट वितरित की गईं। इन उपकरणों का उद्देश्य दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ाने के साथ दैनिक कार्यों में उनकी दूसरों पर निर्भरता कम करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
 
विधायक पल्टूराम ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें शिक्षा, रोजगार तथा सामाजिक जीवन में समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
 
जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन में गतिशीलता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
 
पेंशन से स्वरोजगार तक योजनाओं की दी जानकारी
 
शिविर के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने दिव्यांग पेंशन योजना, शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, दुकान निर्माण एवं स्वरोजगार ऋण योजना समेत विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील की।
 
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में दिव्यांग लाभार्थी और उनके परिजन मौजूद रहे।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें