सितारगंज के मुख्य बाजार की बदलेगी सूरत

9.75 करोड़ के पार्किंग-पार्क कॉम्प्लेक्स से मिलेगी जाम से राहत,  48 वाहनों की पार्किंग के साथ 12 दुकानें और आधुनिक जनसुविधाएं।

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज: शहर के मुख्य बाजार की तस्वीर बदलने की कवायद तेज हो गई है। 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स के पूरा होने के बाद बाजार में पार्किंग की समस्या कम होने के साथ ही लोगों को आधुनिक जनसुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने निर्माणाधीन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
 
कॉम्प्लेक्स में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग विकसित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को अवशेष फिनिशिंग कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
 
उन्होंने कहा कि शहरों में सौंदर्यीकरण, हरितीकरण, पार्क, रोटरी, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है।
 
ऊधमसिंह नगर में बस अड्डे, स्टेडियम और पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी प्रगति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, सचिव पंकज कुमार उपाध्याय, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता पीके दीक्षित, उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी, सहायक अभियंता कैलाश डुंगवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें