गंदगी से बेहाल बिग बॉस का घर, कंटेस्टेंट्स की लापरवाही पर भड़के बिग बॉस
गंदगी के कारण बीमार पड़ रहे कंटेस्टेंट्स, फटकार के बाद झाड़ू-पोछा लेकर सफाई में जुटे घरवाले
मुंबई। ‘बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों साजिश और झगड़ों के साथ गंदगी भी चर्चा का विषय बन गई है। घर की बदहाल सफाई व्यवस्था देखकर बिग बॉस का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने घरवालों को आईना दिखाने के लिए गंदगी के फुटेज टीवी स्क्रीन पर चलाए और साफ-सफाई को लेकर जमकर फटकार लगाई।
मामले की शुरुआत लिगेसी रूम में कैप्टन कुशल तंवर उर्फ गुल्लू की कप्तानी के रिव्यू से हुई। घरवालों को कप्तानी से खुश होने पर लाल गुलाब और नाराजगी पर काला गुलाब देना था। गुल्लू को सात लाल और छह काले गुलाब मिले। मामूली अंतर से उन्होंने अपनी कप्तानी बचा ली और माही विज व उदिती सिंह के साथ अगली कप्तानी की दावेदारी में भी बने रहे।
बेड के पीछे मिला कचरा, सिंक में पड़े थे जूठे बर्तन
कप्तानी का रिव्यू खत्म होने के बाद बिग बॉस ने लिविंग एरिया की स्क्रीन पर घर की गंदगी से जुड़े फुटेज दिखाए। तस्वीरों में खाने के बाद जूठे बर्तन लंबे समय तक पड़े दिखाई दिए। घर के कई हिस्सों में गंदे कपड़े, स्नैक बॉक्स और खाली दूध के डिब्बे बिखरे थे। कुछ कचरा बेड के पीछे भी छिपाया गया था।
घर की यह हालत देखकर बिग बॉस ने घरवालों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि घर में फैली अस्वच्छता के कारण कई सदस्य बीमार पड़ रहे हैं। गंदगी और मक्खियों को लेकर भी उन्होंने कंटेस्टेंट्स को चेताया और साफ-सफाई को गंभीरता से लेने की हिदायत दी।
फटकार के बाद सफाई अभियान
बिग बॉस की फटकार का असर तुरंत नजर आया। घरवालों ने झाड़ू और पोछा उठाया और सफाई में जुट गए। किसी ने सिंक साफ किया तो किसी ने बेड के पीछे जमा कचरा बाहर निकाला। इस घटनाक्रम के बाद कप्तान गुल्लू की भूमिका पर भी सवाल उठते दिखाई दिए। अब देखना होगा कि घर की सफाई व्यवस्था आगे कितनी बेहतर होती है और घरवाले इसे लेकर कितने गंभीर रहते हैं।


Comments