स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

जीआईसी के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत बुधवार को नगर पालिका परिषद की ओर से नगर में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) सितारगंज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। छात्रों ने स्वच्छता से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों से अपने घर, गली-मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की।
 
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने लोगों को स्वच्छ वातावरण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान या किसी विशेष दिवस तक सीमित नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए। रैली के माध्यम से लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने और अपने आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया गया।
 
पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ ही इसे व्यवहार में शामिल करना है। स्वच्छ शहर बनाने के लिए नगर पालिका के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता की जिम्मेदारी समझेगा, तभी नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकेगा।
 
इस दौरान जीआईसी के प्रधानाचार्य शरद चंद्र पंत और डॉ. धर्मेंद्र चौबे ने छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन का आधार है। गंदगी के कारण अनेक प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ता है, जबकि स्वच्छ वातावरण लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्रों से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
 
रैली में छात्रों की भागीदारी से नगर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश पहुंचा। नगर पालिका की ओर से लोगों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने और नगर को साफ-सुथरा बनाए रखने की अपील की गई। कार्यक्रम में सभासद दीपक गुप्ता, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें