स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा पर रहे विशेष नजर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई

हर्षिता यादव  Picture
Published On

कानपुर। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई।
 
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के 313 विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए 1,097 वाहन संचालित हैं। उन्होंने इन वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने को कहा। छात्राओं और बालिकाओं को ले जाने वाली बसों में महिला परिचालक की अनिवार्यता भी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
 
डीएम ने टेंपो, ई-रिक्शा और निजी वाहनों से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर भी निगरानी रखने तथा वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया।
 
उन्होंने जानलेवा सड़क दुर्घटनाओं का डेथ ऑडिट कराने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाकर संबंधित मार्ग पर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। कानपुर-हमीरपुर-सागर मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, सीवर चैंबरों को सड़क की सतह के बराबर करने, संकेतक, रोड मार्किंग और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने पर भी जोर दिया गया।
 
वहीं, आईआईटी कानपुर से गोल चौराहा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ, बीएसए सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें