भाजपा में निष्क्रिय कार्यकर्ताओं पर लोधी का सख्त संदेश—“काम करेगा तो काम मिलेगा, नहीं करेगा तो विश्राम
भाजपा कानपुर उत्तर जिला कार्यालय, नवीन मार्केट में बुधवार को आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने संगठन में सक्रियता को लेकर कार्यकर्ताओं को दो-टूक संदेश दिया।
कानपुर। भाजपा कानपुर उत्तर जिला कार्यालय, नवीन मार्केट में बुधवार को आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने संगठन में सक्रियता को लेकर कार्यकर्ताओं को दो-टूक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब केवल पद या सदस्यता पर्याप्त नहीं होगी, संगठन के लिए जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोधी ने कहा, “पार्टी का कार्य करने वाला ही कार्यकर्ता है। जो कार्य नहीं करता, वह केवल पार्टी का सदस्य है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा संगठन के लिए देने और बूथ स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों व सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने सक्रियता को लेकर स्पष्ट संकेत देते हुए कहा, “जो कार्यकर्ता पार्टी का काम करेगा उसको काम, जो काम नहीं करेगा उसको विश्राम।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में क्षेत्रीय और जिला पदाधिकारी मंडलों में लगातार प्रवास करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर नजर रखी जाएगी।
लोधी ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार का मंत्र देते हुए कहा कि “अपरिचित को परिचित, परिचित को मित्र और मित्र को कार्यकर्ता” बनाने की दिशा में काम किया जाए। उन्होंने कहा कि दायित्व में दक्ष और लगातार मेहनत करने वाला कार्यकर्ता ही भविष्य में संगठन में नेतृत्व की भूमिका तक पहुंच सकता है।
प्रदेश महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों, पिछड़ों और दलितों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने को कहा। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में लोधी ने भाजपा की राजनीतिक यात्रा और संगठन के विस्तार का भी उल्लेख किया। वहीं उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा सरकार को कानून-व्यवस्था और विकास से जोड़कर अपनी बात रखी।
बैठक का संचालन अवधेश सोनकर ने किया, जबकि आभार अभिनव दीक्षित ने व्यक्त किया। इस दौरान जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
#SwatantraPrabhat #PoliticalNews #KanpurNews #UttarPradeshNews #KanpurPolitics #BJPMeeting #BJPWorkers #PartyOrganization #UttarPradeshPolitics #BackwardClasses #GovernmentSchemes #FarmersWelfare #BoothLevel #AnilDixit #KanpurNewsUpdate #BJPKanpur #BJPUttarPradesh #ShankarLalLodhi #OrganizationalStrength #KanpurBundelkhand #PartyLeadership #OrganizationExpansion #WomenWelfare #YouthWelfare #DalitWelfare


Comments