आठों जोनों में लगा सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर
महापौर सुषमा खर्कवाल ने लालबाग मुख्यालय में सफाई मित्रों को किया सम्मानित
स्वास्थ्य जांच के साथ पीपीई किट व सुरक्षा उपकरण वितरित; विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
लखनऊ। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ एवं ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत नगर निगम लखनऊ की ओर से बुधवार, 30 सितंबर को शहर के सभी आठों जोनों में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों की स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा उपकरणों का वितरण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था में उनके योगदान के लिए सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।
जोन-1 स्थित लालबाग मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने शिरकत की। नगर आयुक्त गौरव कुमार, जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। महापौर ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं। वे प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लखनऊ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों को स्वास्थ्य परीक्षण, पीपीई किट एवं अन्य सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें और उनके परिवारों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद संजय सिंह राठौर, अमित चौधरी, आशीष हितैषी, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अभिनव रंजन श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद कुमार राव एवं उप नगर आयुक्त रश्मि भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जोन-2 में स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं की जानकारी
जोन-2 कार्यालय में सफाई मित्रों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। समाज कल्याण, महिला कल्याण तथा रसद एवं खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में पार्षद नरेंद्र शर्मा, राहुल मिश्रा, राजू दीक्षित एवं पूर्व पार्षद शिवपाल सांवरिया सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
जोनल अधिकारी मनोज यादव, अधिशासी अभियंता धीरज धीमान, जोनल सैनिटरी अधिकारी राम सकल यादव, एसएफआई कुशवाहा, लायन सिक्योरिटी टीम, स्वच्छ भारत मिशन की टीम से शारिब खान तथा एचएमएस के कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल रहे।
जोन-3 में 177 सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच
जोन-3 में आयोजित शिविर में समाज कल्याण, जिला उद्योग, महिला विकास, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, खाद्य एवं रसद, कृषि तथा जिला नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सफाई मित्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में पात्र सफाई मित्रों एवं उनके परिवारों को योजनाओं के लिए आवेदन और पंजीकरण में सहयोग भी किया गया। जोन-3 के 19 वार्डों में प्रत्येक वार्ड से दो सफाई कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, कुल 177 सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी की टीम ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग के साथ जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित कीं।
सफाई मित्रों को पीपीई किट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी दिए गए। नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मियों को पार्षदों की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं प्रतिनिधि तथा जोनल अधिकारी अजीत राय मौजूद रहे।
जोन-4 में सम्मान के साथ लगाए गए सेवा शिविर
जोन-4 के जोनल कार्यालय में भी सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर आयोजित किया गया। जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, जोनल सैनिटरी अधिकारी पंकज शुक्ला एवं एसएफआई की मौजूदगी में सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिविर भी लगाए गए।
जोन-5 में कई विभागों की टीमों ने किया सहयोग
जोन-5 में कार्यक्रम का आयोजन पार्षद पीयूष दीवान, नरेंद्र पाल, पार्षद प्रतिनिधि बबलू मिश्रा एवं गिरीश मिश्रा तथा नगर निगम के जोनल अधिकारी विनीत सिंह और जोनल सैनिटरी अधिकारी प्रीती यादव के नेतृत्व में किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, जिला उद्योग विभाग, जिला नगरीय विकास विभाग, समाज कल्याण, कृषि रक्षा, जिला पूर्ति कार्यालय, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं रसद, पिछड़ा वर्ग कल्याण, डूडा तथा जन्म-मृत्यु विभाग की टीमों ने भाग लिया। विभागीय अधिकारियों ने सफाई मित्रों को संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।
जोन-6 में योजनाओं से जोड़े गए सफाई मित्र
जोन-6 में भी सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ नगर निगम के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव एवं जोनल सैनिटरी अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य, उद्योग, नगरीय विकास, समाज कल्याण, कृषि रक्षा, जिला पूर्ति, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं रसद, पिछड़ा वर्ग कल्याण, डूडा तथा जन्म-मृत्यु विभाग की टीमों ने सफाई मित्रों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
जोन-7 में प्रमाण पत्र देकर बढ़ाया सफाई मित्रों का मनोबल
स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत जोन-7 में इंदिरा नगर स्थित कन्वेंशन सेंटर में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्षद अशोक उपाध्याय, भृगुनाथ शुक्ला, राकेश मिश्रा, भूपेन्द्र शर्मा एवं विभिन्न वार्डों के प्रतिनिधियों के साथ जोनल अधिकारी विकास सिंह, जोनल सैनिटरी अधिकारी रूपेन्द्र भास्कर, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक बृजेश प्रजापति सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सफाई मित्रों को कूड़ा उठान, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्हें कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का नियमित इस्तेमाल करने तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
जोन-8 में करीब 250 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण
जोन-8 में सफाई मित्र सुरक्षा शिविर एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, कृषि, खाद्य एवं रसायन, जिला उद्योग केंद्र तथा नेत्र चिकित्सकों की टीम ने सहभागिता की।
स्वास्थ्य विभाग की डॉ. मनोरमा के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब 250 सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सफाई मित्रों को अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र कर्मियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया से अवगत कराया।
कार्यक्रम में जोनल अधिकारी डॉ. आशीष कुमार सिंह, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी, विमल तिवारी एवं कमलेश सिंह, जोनल सैनिटरी अधिकारी जितेन्द्र गांधी, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मो. नईम, सफाई निरीक्षक मीरा राव समेत नगर निगम एवं विभिन्न संस्थाओं की टीमें मौजूद रहीं।
सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर
नगर निगम के सभी आठों जोनों में आयोजित शिविरों के माध्यम से सफाई मित्रों को स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा संसाधनों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। कार्यक्रमों में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही सफाई मित्रों के सम्मान एवं कल्याण के लिए नगर निगम की ओर से लगातार आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।


Comments