दिल्ली-एनसीआर से कारें चुराकर पंजाब में बेचता था अंतरराज्यीय गिरोह, दो गिरफ्तार

पांच चोरी की गाड़ियां बरामद, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर ठिकाने लगाते थे वाहन; दिल्ली में मोबाइल छिनैती के मामले में भी दो आरोपी पकड़े गए

Abhinav Shukla Picture
Published On

नई दिल्ली। दिल्ली से पंजाब तक फैले वाहन चोरी के नेटवर्क का खुलासा करते हुए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिल्ली-एनसीआर से अच्छी स्थिति वाली कारें चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे और फिर उन्हें पंजाब में बेच देते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पांच चोरी की कारें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के पांच मामलों को सुलझाने में मदद मिली है।

पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस) ने पंजाब के अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु इलाके में कार्रवाई करते हुए शमशेर (33) और रिंकू उर्फ रिंकी (39) को गिरफ्तार किया। दोनों इसी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। बरामद वाहनों में चार हुंडई क्रेटा और एक मारुति डिजायर शामिल हैं।

घर के बाहर खड़ी क्रेटा चोरी होने के बाद शुरू हुई जांच

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को ओल्ड राजिंदर नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के बाहर खड़ी सफेद हुंडई क्रेटा चोरी हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एएटीएस को सौंपी गई। पुलिस ने मैनुअल जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की।

जांच में पंजाब से जुड़े एक गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर को अमृतसर के जंडियाला गुरु में छापा मारकर शमशेर को गिरफ्तार किया। उसके पास से काली हुंडई क्रेटा बरामद हुई। पूछताछ के दौरान सामने आए उसके साथी रिंकू को भी उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर राजिंदर नगर से चोरी हुई सफेद क्रेटा बरामद की गई।

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर तीन घायल Read More तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर तीन घायल

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पंजाब में बेचते थे कारें

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय दिल्ली-एनसीआर में कारों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें पंजाब में बेच दिया जाता था। इस काम में अमृतसर निवासी हरप्रीत उर्फ हनी की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस अब हरप्रीत और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की तलाश कर रही है।

सोनभद्र में धूमधाम से मनाया गया विजयदशमी का पर्व, 81 स्थानों पर हुआ रावण दहन Read More सोनभद्र में धूमधाम से मनाया गया विजयदशमी का पर्व, 81 स्थानों पर हुआ रावण दहन

मोबाइल छिनैती के मामले में भी दो आरोपी पकड़े

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में मोबाइल छिनैती के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है। इनमें सदर बाजार निवासी 20 वर्षीय जोगेंदर और 16 साल का एक नाबालिग शामिल है।

NHM भर्ती 2026: 53 पदों पर नियुक्ति का मौका, 26 अक्टूबर से वॉक-इन इंटरव्यू Read More NHM भर्ती 2026: 53 पदों पर नियुक्ति का मौका, 26 अक्टूबर से वॉक-इन इंटरव्यू

पुलिस के अनुसार, घटना रानी झांसी फ्लाईओवर के पास फिल्मिस्तान इलाके में हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह जयपुर से बस के जरिए दिल्ली आया था। फ्लाईओवर के पास उतरने के बाद जब वह सड़क किनारे अपने भाई से फोन पर बात कर रहा था, तभी बिना हेलमेट पहने स्कूटी पर सवार तीन युवक उसका मोबाइल छीनकर डीसीएम चौक की ओर भाग गए।

शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज में बिना नंबर प्लेट वाली लाल रंग की होंडा एक्टिवा पर तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस ने जांच के बाद दो आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई। जांच में स्कूटी के भी चोरी का होने की जानकारी मिली है।

पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

स्वतंत्र प्रभात।

 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें