पैर फिसलने से निर्माणाधीन नाले में गिरे बुजुर्ग की मौत, पेट में सरिया घुसने से गई जान

Swatantra Prabhat Picture
Published On

उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के अकबरपुर दबौली गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन नाले के पास पैर फिसलने से 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान जगतपाल सिंह के पुत्र बिट्टन सिंह के रूप में हुई है।
 
बताया जा रहा है कि रविवार को बिट्टन सिंह किसी जरूरी काम से घर से निकले थे। अकबरपुर दबौली में सड़क किनारे नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। नाला खुला हुआ था और वहां लोहे के सरिए लगे हुए थे। नाले के पास पहुंचते ही अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसल गया।
 
गहरा गड्ढा होने के कारण वह सीधे नाले के अंदर जा गिरे। गिरते ही एक लोहे का सरिया उनके पेट में घुस गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिक रक्तस्राव होने से वह मदद के लिए चीखने-चिल्लाने लगे।
 
चीख सुनकर दौड़े ग्रामीण
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें नाले से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी खून बह चुका था। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
 
हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ देर पहले तक सामान्य तरीके से घर से निकले बिट्टन की मौत से पत्नी मीरा सिंह और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 
पुलिस ने शुरू की जांच
 
सूचना पर माखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी योगेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर तथ्य जुटाए गए हैं। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
वहीं, इस हादसे के बाद निर्माणाधीन नाले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। खुला गड्ढा और बिना बैरिकेडिंग के लगे सरियों के बीच राहगीरों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा रही थी, इसकी भी जांच की मांग ग्रामीणों ने की है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार