बाध में डूबने से एक व्यक्ति की मौत
मीरजापुर।
मीरजापुर। मीरजापुर जनपद के जरगो बांध में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक के लिए निकले करीब 58 वर्षीय मोहन गुप्ता की बांध में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे इमिलिया चट्टी चौकी प्रभारी धनुषधारी पांडेय के द्वारा काफी प्रयास करने पर भी शव बरामद नहीं हुई , उसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद शव बरामद किया।

बताया जा रहा है कि मोहन गुप्ता सुबह की सैर करने के लिए जरगो बांध की ओर गए थे। परिजनों और स्थानीय राहगीरों के अनुसार वह बांध के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान पैर फिसलने की वजह से उनके बांध में गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद टीम ने मोहन गुप्ता का शव पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहन गुप्ता के भाई ने बताया कि वह सुबह घूमने-टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन अचानक यह दुखद घटना हो गई। वहीं जिला पंचायत सदस्य पंकज उपाध्याय ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही उनकी मोहन गुप्ता से मुलाकात हुई थी और उस समय सब कुछ सामान्य था। अचानक हुई इस घटना से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के तमाम समाजसेवी और जनप्रतिनिधि भी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। किसान नेता सिद्धनाथ सिंह, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन जगदीश सिंह पटेल, समाजसेवी सुरेश सिंह समेत अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
मोहन गुप्ता, बंधूलाल गुप्ता के पुत्र थे और कपड़े के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Comments