दिल्ली पुलिस मुख्यालय में पिपिंग सेरेमनी आयोजित

सेवानिवृत्त 202 पुलिसकर्मियों को प्रदान की गई मानद पदोन्नति

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श ऑडिटोरियम में शुक्रवार को भव्य पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्ति के दिन 202 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाकाल के सम्मान स्वरूप अगले उच्च पद की मानद पदोन्नति (ऑनरेरी रैंक) प्रदान की गई। समारोह की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार (आईपीएस) ने की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर कांस्टेबल से लेकर उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) तक के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को अगले उच्च पद के बैज पहनाकर सम्मानित किया।
 
अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस और देश की सेवा में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारी भरा कार्य है, जहां हर दिन नई परिस्थितियों और कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
 
इसके बावजूद इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, दक्षता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्य के कारण अक्सर परिवार को पर्याप्त समय नहीं दे पाना पड़ता है। ऐसे में उनके परिवारों का सहयोग, धैर्य और त्याग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। पुलिस आयुक्त ने सभी परिजनों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन नहीं कर सकते थे।
 
पुलिस आयुक्त ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि अब उन्हें अपने जीवन के उन सपनों, रुचियों और व्यक्तिगत आकांक्षाओं को पूरा करने का अवसर मिलेगा, जिन्हें व्यस्त सेवाकाल के दौरान समय के अभाव में पूरा नहीं किया जा सका। उन्होंने आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे दिल्ली पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर संगठन हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा।
 
समारोह के दौरान कुल 202 पुलिसकर्मियों को मानद पदोन्नति प्रदान की गई। इनमें हेड कांस्टेबल से सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर 7, सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) से उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर 37 तथा उपनिरीक्षक (एसआई) से निरीक्षक (इंस्पेक्टर) के पद पर 158 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।समारोह का समापन संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) सुमन गोयल (आईपीएस) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, सम्मानित किए गए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी तथा उनके परिवारजन उपस्थित रहे। सम्मान और गौरव से परिपूर्ण यह समारोह सभी के लिए यादगार बन गया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें