जाम नालियां और कूड़े के अंबार से ब्योहरा गांव बेहाल
जिसके कारण गांव में गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है।
नैनी, प्रयागराज। औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेहवरा गांव में साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में पूर्व प्रधान जयप्रकाश जायसवाल के कार्यालय के पास स्थित नालियां लंबे समय से जाम पड़ी हैं, जिनमें गंदा पानी भरा हुआ है। वहीं सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे होने से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सफाईकर्मी नियमित रूप से सफाई कार्य नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण गांव में गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है।
जाम नालियों के कारण जल निकासी बाधित हो गई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और नगर प्रशासन से मांग की है कि जाम नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, कूड़े के ढेर हटाए जाएं तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके और संभावित बीमारियों के खतरे को रोका जा सके।


Comments