जिलाधिकारी ने की जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना की समीक्षा बैठक
गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश, पेयजल परियोजना में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जल निगम विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन भारत सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक सुरक्षित और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्थावार परियोजना की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता, सामग्री की उपलब्धता, ठेकेदारों की कार्यशैली, पाइपलाइन बिछाने की तकनीकी प्रक्रिया, जलस्रोतों की स्थिति, पानी की गुणवत्ता जांच और लाभार्थियों तक जल कनेक्शन की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली एवं संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कार्य में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोपरि होनी चाहिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन क्षेत्रों में परियोजना का कार्य धीमी गति से चल रहा है, वहां संबंधित कार्यदायी संस्थाएं कार्यों में तेजी लाए जाने हेतु अपना मासिक लक्ष्य निर्धारित कर कार्य कराया जाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को पूरा किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनता दर्शन, तहसील दिवस, आइजीआरएस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए समस्त संबंधित को निर्देश दिए कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर यथाशीघ्र निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित करें, डिफाल्टर की श्रेणी में होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानों से दूरभाष के माध्यम से बात कर पूर्ण निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता, पेयजल आपूर्ति इत्यादि की जानकारी ली साथ ही संबंधित को निर्देशित किया कि परियोजना पूर्ण होने के पश्चात विभिन्न पहलुओं पर परियोजना का वेरिफिकेशन कर आख्या प्रेषित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य न केवल योजना की प्रगति की समीक्षा करना है, वरन उसे और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनहितकारी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
स्वतंत्र प्रभात उत्तर प्रदेश अमेठी जल जीवन मिशन ग्रामीण विकास public welfare जल निगम सरकारी योजना Jal Jeevan Mission Drinking Water Supply DM Sanjay Chauhan IGRS शिकायत Village Water Supply पेयजल योजना Rural Drinking Water पाइप पेयजल परियोजना Project Review Quality Monitoring जल कनेक्शन CDO Pooja Sahu


Comments