एटीएम में पिन देखकर कार्ड छीना, महिला के खाते से उड़ाई पूरी रकम।

फाफामऊ थाना क्षेत्र में एटीएम ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शांतिपुरम निवासी एक महिला उस समय ठगी का शिकार हो गईं जब वह एटीएम से नकदी निकालने पहुंचीं। आरोप है

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात ।
 
प्रयागराज।
 
 फाफामऊ थाना क्षेत्र में एटीएम ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शांतिपुरम निवासी एक महिला उस समय ठगी का शिकार हो गईं जब वह एटीएम से नकदी निकालने पहुंचीं। आरोप है कि दो युवकों ने पहले उनका एटीएम पिन देख लिया और फिर चालाकी से उनका कार्ड लेकर फरार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने खाते से पूरी जमा धनराशि निकाल ली।
 
जानकारी के अनुसार, शांतिपुरम निवासी सबा बानो बैंक ऑफ बड़ौदा के उस एटीएम पर पैसे निकालने पहुंची थीं, जो विनीता हॉस्पिटल के सामने स्थित है। एटीएम में मौजूद दो संदिग्ध युवकों ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और कथित तौर पर उनका गोपनीय पिन नंबर देख लिया। इसी दौरान किसी बहाने से दोनों युवक उनका एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेकर मौके से भाग निकले।
 
पीड़िता को जब तक पूरे घटनाक्रम की जानकारी हो पाती, तब तक आरोपी दूसरे स्थान पर पहुंचकर उनके बैंक खाते से पूरी धनराशि निकाल चुके थे। मोबाइल पर खाते से रकम निकलने के संदेश मिलने के बाद महिला के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
 
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही थाना फाफामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़िता से घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद एटीएम केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
 
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक ट्रांजैक्शन की जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना में शामिल युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद एटीएम केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय अपना पिन किसी को न दिखाएं और किसी अनजान व्यक्ति की सहायता लेने से बचें।
 
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें