जिले के सभी विभागों के कार्यालयों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ आयोजित
17 से 26 जून तक चलेगा "नशा मुक्त सप्ताह
बेतिया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, बिहार, पटना के निर्देशानुसार 26 जून "अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस" के अवसर पर पश्चिम चम्पारण जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक "नशा मुक्त सप्ताह" का आयोजन किया जा रहा है।
वरीय उप समाहर्ता-सह-प्रभारी पदाधिकारी जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, विकास कुमार ने बताया कि इस वर्ष अभियान का विषय "नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान" निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम दिन 17 जून को जिले के सभी विभागों के कार्यालयों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण तथा स्वयं नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 जून को सभी बुनियाद केंद्रों एवं गृहों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा। 19 एवं 20 जून को समाहरणालय परिसर, बेतिया रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, प्रचार-प्रसार एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खेल भवन में योगाभ्यास के साथ नशामुक्त भारत अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इसी क्रम में 22 जून को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविकाओं, सहायिकाओं, वार्ड सदस्यों, आशा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा। 23 जून को सभी प्रखंड मुख्यालयों में जीविका दीदियों एवं जीविका समूहों के सहयोग से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 जून को बेतिया नगर क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में क्विज, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। अभियान का समापन 26 जून को समाहरणालय सभागार, पश्चिम चम्पारण में जिला स्तरीय वृहद कार्यक्रम एवं कार्यशाला के आयोजन के साथ होगा।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा "नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान" के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।


Comments