भारत
सीएचसी एकमा में एंटी-स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता
सर्पदंश पीड़ितों को मिल रहा त्वरित उपचार: चिकित्सा पदाधिकारी
एकमा (सारण)। बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी-स्नेक वेनम (एएसवी) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सांप काटने के मामलों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।चिकित्सक डॉ. गुंजन कुमार ने शुक्रवार को बताया कि वर्तमान में स्वास्थ्य केंद्र में एंटी-स्नेक वेनम की 36 वायल उपलब्ध हैं, जिससे सर्पदंश पीड़ित मरीजों का समय पर उपचार किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप काटने की स्थिति में किसी प्रकार की देरी न करें और मरीज को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र लेकर आएं।उन्होंने बताया कि फिलहाल कुत्ता, सियार एवं बंदर के काटने पर लगाए जाने वाले एंटी रेबीज इंजेक्शन (एआरवी) की उपलब्धता नहीं है, लेकिन अस्पताल प्रशासन अन्य लगभग सभी आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को शीघ्र व प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।


Comments