पडरौना : सेवा सेतु शिविर के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने का प्रयास
सात दिवसीय शिविर में एक ही छत के नीचे नगरवासियों की समस्याओं के समाधान पर रहा जोर
कुशीनगर। पडरौना नगर के जूनियर हाई स्कूल परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय बहुउद्देशीय ‘सेवा सेतु शिविर’ का समापन हुआ। समापन अवसर पर पडरौना नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनय जायसवाल पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि सात दिवसीय शिविर के माध्यम से एक ही छत के नीचे नगरवासियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और जनसुविधाओं से जोड़ना तथा उनकी समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया को आसान बनाना रहा।
उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक सम्मानित नागरिक को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाते हुए नगरवासियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विनय जायसवाल ने कहा, “नगर की सेवा, जनता का सम्मान और जनकल्याण के लिए हम सदैव तत्पर हैं।” उन्होंने जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नगर के विकास और नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।


Comments