यूपीआई शुल्क के विरोध में सड़क पर उतरे व्यापारी, प्रदर्शन कर जताया आक्रोश

डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन, प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की उठाई आवाज

Abhinav Shukla Picture
Published On

बस्ती। बस्ती जिले में यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित शुल्क लगाए जाने के विरोध में बुधवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश की बस्ती इकाई के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जुटे व्यापारियों ने यूपीआई शुल्क के विरोध में पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।
 
इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि यूपीआई केवल भुगतान का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि छोटे-बड़े कारोबार से लेकर आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों तक डिजिटल भुगतान व्यवस्था का अहम हिस्सा बन चुका है।
 
ऐसे में यूपीआई लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाना व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए चिंता का विषय है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष हरिमूर्ति सिंह ‘मनोज’ ने कहा कि 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर 0.04 प्रतिशत ट्रांजैक्शन शुल्क लगाए जाने का प्रस्ताव व्यापारियों के हित में नहीं है। व्यापारियों पर पहले से ही विभिन्न प्रकार के कर और शुल्क का भार है। ऐसे में डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से कारोबार की लागत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यूपीआई ने व्यापारिक लेनदेन को आसान, तेज और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
 
यदि डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाला गया तो इसका सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ सकता है। इसकी भरपाई के लिए व्यापारियों पर दबाव बढ़ेगा, जिसका असर अंततः उपभोक्ताओं पर पड़ने की आशंका है। उन्होंने प्रधानमंत्री से व्यापारी हित में प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद मद्धेशिया ने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही संगठन की ताकत है। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल सभी पदाधिकारियों और व्यापारियों का आभार जताया।
 
जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से ‘वन नेशन, वन टैक्स’ की बात कही जाती है, लेकिन जिला पंचायत की ओर से व्यापारियों से सीपी टैक्स की वसूली क्यों की जा रही है। उन्होंने इस व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए व्यापारियों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने और प्रदर्शन के दौरान जिला महामंत्री आलोक दुबे, जिला संगठन महामंत्री भरत राम अग्रहरी ‘बबलू’, जिला कोषाध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, नगर अध्यक्ष महेंद्र प्रताप, नगर महामंत्री धीरेंद्र चौधरी, नगर संगठन महामंत्री डॉ. प्रदीप सिंह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव, महामंत्री सत्य प्रकाश दुबे, जिला संगठन मंत्री संजय सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना वर्मा, जिला महामंत्री गीता देवी, जिला कोषाध्यक्ष राजेश्वरी शर्मा, रावेश श्रीवास्तव, सुजीत कुमार गुप्ता, आकाश सोनी, संजय गुप्ता, अवधेश निषाद, सत्यम सिंह, मोहम्मद फुरकान समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
 
अंत में जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। व्यापारियों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रभावी तरीके से रखने के साथ उनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें