निजी विद्यालय परिसर में सरकारी धन का दुरुपयोग, जिलाधिकारी से जांच की मांग
ओबरा नगर पंचायत द्वारा निजी विद्यालय में नाली व इंटरलॉकिंग निर्माण कराए जाने का आरोप, जांच पूरी होने तक कार्य रोकने की मांग
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
ओबरा /सोनभद्र-
ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित निजी डीएवी विद्यालय परिसर में नगर पंचायत द्वारा कथित तौर पर सरकारी धनराशि से नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण कराए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। जिसको लेकर वार्ड नंबर 11 निवासी कन्हैया लाल केशरी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने अपने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि निजी विद्यालय परिसर में नगर पंचायत की सरकारी धनराशि से निर्माण कार्य कराने का वैधानिक आधार क्या है और इसके लिए किस स्तर से अनुमति प्रदान की गई है। उन्होंने निर्माण कार्य की स्वीकृति, बजट, कार्यदायी संस्था, बोर्ड प्रस्ताव और सार्वजनिक उपयोगिता से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।
शिकायत के क्रम में कहा कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और वैधानिक स्वीकृति के अनुरूप नहीं है तो सरकारी धन के उपयोग की जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की जानी चाहिए। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराने और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रुकवाने का भी अनुरोध किया है।
मामले को लेकर सरकारी धन के उपयोग और निजी विद्यालय परिसर में नगर पंचायत की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कराता है और संबंधित अभिलेखों के आधार पर क्या कार्रवाई करता है ।


Comments