किसानों के लिए बने शेडों पर व्यापारियों का कब्जा, धान खरीद से पहले खाली कराने की मांग

एक अक्तूबर से शुरू होनी है धान खरीद, भाकियू चढ़ूनी ने एसडीएम को सौंपा सीएम के नाम ज्ञापन

हर्षिता यादव  Picture
Published On

सितारगंज। मंडी समिति परिसर में किसानों के लिए बनाए गए शेड और फड़ों पर व्यापारियों के कब्जे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने नाराजगी जताई है। बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर मंडी परिसर में किसानों के लिए निर्धारित स्थानों को तत्काल खाली कराने की मांग की। किसानों ने कहा कि एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू होनी है। ऐसे में यदि मंडी पहुंचने वाले किसानों को अपनी उपज रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिली तो उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
 
भाकियू पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि मंडी समिति परिसर में किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए शेडों और फड़ों पर व्यापारियों ने खाद्यान्न सहित अन्य कृषि उपज रखकर कब्जा कर रखा है। इससे किसानों के लिए मंडी में अपनी फसल लेकर पहुंचने पर उपज रखने की समस्या खड़ी हो सकती है। संगठन ने मंडी प्रशासन से किसानों के लिए बनाए गए सभी शेड और फड़ निर्धारित व्यवस्था के अनुसार खाली कराने तथा धान खरीद शुरू होने से पहले उन्हें किसानों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की।
 
प्रदेश अध्यक्ष गुरसेवक सिंह महार ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार कच्चे आढ़तियों के माध्यम से एक अक्तूबर से धान की तौल शुरू होनी है। धान खरीद की प्रक्रिया समय से शुरू होने पर क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों की फसल रखने और तौल की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि खरीद सीजन शुरू होने के बाद अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
 
उन्होंने कहा कि धान की फसल लेकर बड़ी संख्या में किसान मंडी पहुंचते हैं। ऐसे में यदि मंडी परिसर में किसानों के लिए बनाए गए स्थानों पर व्यापारियों का कब्जा रहा तो किसानों को अपनी उपज सड़क या खुले स्थान पर रखने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। इससे फसल के खराब होने और किसानों को अतिरिक्त परेशानी होने की आशंका रहेगी। भाकियू ने प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर मंडी परिसर का निरीक्षण कराने और किसानों के लिए निर्धारित स्थानों को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
 
किसान नेताओं ने धान खरीद की व्यवस्था में किसी भी तरह की देरी नहीं होने देने की मांग भी की। प्रदेश अध्यक्ष गुरसेवक सिंह महार ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित तिथि पर धान की तौल शुरू नहीं हुई या किसानों को मंडी में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो किसान संगठन धरना-प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में गुरमीत सिंह, बूटा सिंह, रेशम सिंह, सुखदेव सिंह, अवतार सिंह, पुष्पेंद्र सिंह राणा, मनजीत सिंह, कुलदीप सिंह, हरजीत सिंह समेत अन्य किसान मौजूद रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें