नानकमत्ता में सेवा संकल्प अभियान का बहुउद्देशीय शिविर, 54 शिकायतों में 51 का मौके पर निस्तारण

बिजली, पानी, सड़क, राशन कार्ड समेत मूलभूत समस्याओं का अधिकारियों ने किया समाधान, दिव्यांगजनों को बांटे उपकरण

हर्षिता यादव  Picture
Published On

सितारगंज-/नानकमत्ता। विधानसभा नानकमत्ता क्षेत्र के गुरुनानक इंटर कॉलेज नानकमत्ता में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, राशन कार्ड सहित विभिन्न मूलभूत समस्याओं से संबंधित शिकायतें और समस्याएं दर्ज कराईं। कुल 54 शिकायतें व समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 51 का अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
 
शिविर में पूर्व सैनिक समिति, वार्ड नंबर चार के नागरिकों सहित रूप सिंह और कौसा देवी आदि ने विद्युत पोल हटाने तथा बढ़े हुए विद्युत बिलों को ठीक कराने की मांग रखी। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्राम प्रधान गिधौर ने प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत कराने की मांग रखी। वहीं ग्राम प्रधान नलई ने सिंचाई नाली निर्माण की समस्या अधिकारियों के सामने रखी।
 
ग्राम प्रधान हरैया और ध्यानपुर ने राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों का सर्वे कराकर पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाए जाने की मांग की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को पात्र लोगों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को 15 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 10 व्हीलचेयर, 20 वॉकर, 20 चेयर विद कमोड और एक विजन इंपेयर्ड किट वितरित की। इसके अलावा तीन विधवा पेंशन और चार वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन पत्र भरवाए गए।
 
कृषि विभाग की ओर से सुपर सीडर यंत्र के लिए 1.42 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। किसानों को 10 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए और 15 किसानों के किसान सम्मान निधि से संबंधित फार्म भरवाए गए। बाल विकास विभाग ने एक लाभार्थी को महालक्ष्मी किट प्रदान की। वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 10 लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया।
पशुपालन विभाग ने शिविर में पहुंचे 30 पशुपालकों को निशुल्क दवाएं वितरित कीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 120 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। 15 लोगों की रक्त जांच की गई, जबकि 32 बच्चों का टीकाकरण कराया गया। इसके अलावा 10 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
 
आयुर्वेद विभाग ने 125 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाएं वितरित कीं। होम्योपैथिक विभाग की ओर से 59 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं। श्रम विभाग ने छह श्रमिकों के श्रम कार्ड जारी किए। उद्यान विभाग ने 10 बागवानों को बीज उपलब्ध कराया। सेवायोजन विभाग ने 10 लोगों को विभागीय योजनाओं और रोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।
 
शिविर में आधार से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान दो नए आधार कार्ड बनाए गए और 16 आधार कार्ड अपडेट किए गए। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया।
 
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, जिला पंचायत सदस्य भास्कर संभल, नोडल अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके सिंह समेत विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं को संबंधित विभाग के समक्ष रखने की अपील की।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें