छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी का दबदबा, हरेकृष्ण मिस्त्री अध्यक्ष निर्वाचित

एनएसयूआई प्रत्याशी चंदन सिंह को 402 मतों से हराया, 1321 छात्रों ने किया मतदान

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज में मंगलवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा देखने को मिला। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी हरेकृष्ण मिस्त्री ने एनएसयूआई प्रत्याशी चंदन सिंह को 402 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। मतदान के बाद देर शाम तक चली मतगणना के उपरांत परिणाम घोषित किए गए। परिणाम सामने आते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया।
 
महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए कुल 1943 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 1321 छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान दोनों प्रमुख प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक की स्थिति बनी। समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में नारेबाजी भी की। हालांकि पुलिस प्रशासन और खुफिया विभाग के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखी और छात्रों से संयम बरतने की अपील की। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखा गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतगणना शुरू कराई गई।
 
अध्यक्ष पद की मतगणना में हरेकृष्ण मिस्त्री को 830 मत, जबकि चंदन सिंह को 428 मत प्राप्त हुए। 59 मत निरस्त किए गए और चार मत नोटा के पक्ष में पड़े। इस तरह हरेकृष्ण मिस्त्री ने चंदन सिंह को 402 मतों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया।
उपाध्यक्ष पद पर राजपाल विजयी
 
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में राजपाल ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें 1006 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी गुरजिंदर सिंह को 227 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार राजपाल ने 779 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दीप्ति बैरागी
 
उपाध्यक्ष (छात्रा) पद पर दीप्ति बैरागी विजयी रहीं। दीप्ति बैरागी को 588 मत, जबकि प्रेरणा धामी को 509 मत मिले। दीप्ति ने 79 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
 
सचिव पद पर बिट्टू सिंह की बड़ी जीत
 
सचिव पद के चुनाव में बिट्टू सिंह ने कुमकुम बाईन को पराजित किया। बिट्टू सिंह को 873 मत, जबकि कुमकुम बाईन को 315 मत मिले। बिट्टू सिंह ने 558 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
 
संयुक्त सचिव (छात्रा) पद पर अंशिका गुप्ता
संयुक्त सचिव (छात्रा) पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला हुआ। इसमें अंशिका गुप्ता ने 449 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। दीक्षा गुप्ता को 343 मत और प्रिया हालदार को 310 मत मिले। अंशिका गुप्ता ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी दीक्षा गुप्ता को 106 मतों से पराजित किया।
कोषाध्यक्ष पद पर नन्दनी राना निर्वाचित
 
कोषाध्यक्ष (छात्रा) पद पर नन्दनी राना विजयी रहीं। उन्हें 779 मत प्राप्त हुए, जबकि स्नेहा सरदार को 453 मत मिले। नन्दनी राना ने 326 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
 
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर जितेंद्र धामी
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर बेहद करीबी मुकाबला देखने को मिला। जितेंद्र धामी को 555 मत, जबकि योगेश राना को 548 मत मिले। महज सात मतों के अंतर से जितेंद्र धामी विजयी घोषित किए गए।
 
वहीं विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर अरुण प्रताप और कला संकाय प्रतिनिधि पद पर टुम्पा मालो निर्विरोध निर्वाचित हुए। सांस्कृतिक सचिव पद पर खुशी सरकार ने जीत दर्ज की। वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद के चुनाव में सोनिया घरामी विजयी रहीं।
 
मतगणना पूरी होने के बाद महाविद्यालय परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने खुशी जताई। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए नारेबाजी की। चुनाव परिणाम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। पूरे चुनाव के दौरान पुलिस और खुफिया विभाग की टीमों ने लगातार निगरानी की, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
 
छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने जीत के बाद छात्रों का आभार जताते हुए महाविद्यालय की छात्र समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और छात्र हित में कार्य करने की बात कही। देर शाम तक महाविद्यालय परिसर में चुनाव परिणाम को लेकर छात्रों और समर्थकों की चहल-पहल बनी रही।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें