नवीनतम
फीचर्ड
भारत
15 दिन भी नहीं टिक सका नया ट्रांसफार्मर, फिर जला पड़ा बरसा गहरवा—एक सप्ताह से अंधेरे में ग्रामीण, बिजली विभाग के कर्मचारी फोन उठाने से भी कतरा रहे है।
मीरजापुर।
मीरजापुर। ड्रमंडगंज क्षेत्र के बरसा गहरवा गांव में बिजली विभाग की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक जिस ट्रांसफार्मर को लगे अभी महज करीब 15 दिन भी पूरे नहीं हुए थे, वह दोबारा जल गया और पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ा है। ट्रांसफार्मर जलने के कारण गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित है और ग्रामीणों को अंधेरे में रहने के साथ ही रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों को लगातार दी जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान कराने के बजाय जिम्मेदार कथित तौर पर फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब नया ट्रांसफार्मर 15 दिन भी नहीं चल पाया और दोबारा जल गया, तो उसकी गुणवत्ता और विद्युत व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। बिजली के अभाव में घरों में पानी की समस्या, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी यदि जिम्मेदार कर्मचारी फोन नहीं उठाएंगे और मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान नहीं करेंगे, तो आखिर ग्रामीण अपनी समस्या लेकर कहां जाएं।
ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। साथ ही 15 दिन के भीतर दोबारा ट्रांसफार्मर जलने के कारणों और उसकी गुणवत्ता की जांच कराने तथा शिकायत के बावजूद फोन नहीं उठाने वाले कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की भी जांच कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि विभाग बरसा गहरवा के ग्रामीणों को अंधेरे से कब तक निजात दिलाता है।


Comments