छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के बताए गुर

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

उन्नाव। मोतीनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पीएम श्री विद्यालय में गुरुवार को मिशन शक्ति साइबर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर विनीसिंह की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी में छात्राओं को महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति केंद्रों की सेवाओं और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्राओं को ‘नो योर एम एस के, मीट योर एम एस के, फाइंड योर एम एस के और आस्क योर एम एस के’ के माध्यम से मिशन शक्ति केंद्रों की सेवाओं के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी परेशानी या शिकायत की स्थिति में छात्राएं अपने नजदीकी मिशन शक्ति केंद्र से सहायता, परामर्श और पुलिस सहयोग प्राप्त कर सकती हैं।
साइबर टीम ने छात्राओं को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, मॉर्फिंग, एआई डीपफेक, अनचाहे मैसेज, सेक्सटॉर्शन, फोटो के जरिए ब्लैकमेलिंग, साइबर बुलिंग और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े जोखिमों के प्रति जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करने, निजी जानकारी साझा करने और अपनी लोकेशन सार्वजनिक करने से बचें। साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय चैट, फोटो, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें तथा तत्काल पुलिस या संबंधित सहायता केंद्र से संपर्क करें।
संगोष्ठी के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े सवाल अधिकारियों के सामने रखे, जिनका जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति केंद्र केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को समझकर उन्हें आवश्यक परामर्श, पुलिस सहायता, साइबर सहायता और अन्य सेवाओं से जोड़ने का कार्य भी करते हैं।
इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमारी, परिवार प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव समेत मिशन शक्ति एवं साइबर टीम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार