व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी : डीएम

जिला व्यापार बंधु, उद्योग बंधु एवं जिला स्तरीय बैंकिंग समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता 
 
बलरामपुर।
 
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में सोमवार को जिला व्यापार बंधु, जिला उद्योग बंधु एवं जिला स्तरीय बैंकिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार एवं उद्योग से जुड़ी समस्याओं के साथ ही शासन की स्वरोजगारपरक योजनाओं तथा बैंकिंग सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
 
जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद व्यापारियों एवं उद्यमियों से संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों एवं उद्यमियों से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने कहा कि जनपद में व्यापार और उद्योग के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उद्यमियों को अनुमतियों, योजनाओं और विभागीय प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी न हो तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
 
 
लंबित आवेदनों का शीघ्र करें निस्तारण
 
 
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लंबित आवेदन पत्रों की स्थिति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। आवेदन से लेकर ऋण स्वीकृति एवं वितरण तक की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब किसी भी दशा में न हो।
 
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने अधिक से अधिक पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने विभागों और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पात्र प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
 
कारीगरों को कौशल विकास से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लाभार्थियों के प्रशिक्षण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र लाभार्थियों का प्रशिक्षण शीघ्र शुरू कराकर निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परंपरागत कारीगरों एवं श्रमिकों को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए योजना का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।
 
इसके बाद जिला स्तरीय बैंकिंग समिति की बैठक में बैंकिंग गतिविधियों तथा रोजगारपरक एवं ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को पात्र आवेदकों के ऋण संबंधी प्रकरणों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में तेजी लाई जाए।
 
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, उपायुक्त जीएसटी, उपायुक्त उद्योग, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, व्यापारी एवं उद्यमी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार