सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन ने जय हीरो एजेंसी को 118 रनों से हराया।
अम्बेडकर नगर।
आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन ने जय हीरो अम्बेडकरनगर को 118 रनों से हराया। डॉ हेमंत सिंह ने 36 गेंद पर 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली। एम वी डी क्रिकेट एकेडमी अकबरपुर के मैदान पर आज सुबह जय हीरो एजेंसी के कप्तान रवि भद्र सिंह ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी डॉक्टर्स इलेवन ने 16 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाये। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पांचवें ओवर में 32 रनों के योग पर उनके 4 प्रमुख बल्लेबाज आउट होकर वापस चले गये। इसके बाद पांचवें विकेट लिए डॉ प्रवेश और डॉ हेमंत सिंह ने बहुमूल्य 75 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को मजबूती प्रदान की। डॉ हेमंत ने 36 गेंदों पर 9 छक्के और 4 चौके की मदद से 84 रनों की धुआंधार पारी खेली। डॉ प्रवेश वर्मा ने बेशकीमती 23 रन बनाए। जय हीरो एजेंसी के लिए सोनू 3 और आदर्श यादव ने 2 विकेट प्राप्त किये। जवाब में जय हीरो एजेंसी अंबेडकरनगर की पूरी टीम 11.1 ओवर में 36 रनों पर सिमट गई।

डॉक्टर्स इलेवन के सटीक गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के सामने विपक्षी बल्लेबाज रन बनाने के लिए लगातार संघर्ष करते नजर आए और एक छोर पर नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। जय हीरो एजेंसी के लिए गुरविंदर 17 रन को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक को नहीं छू सका। डॉक्टर्स इलेवन के लिए डॉ आमोद और डॉ उत्कर्ष ने 3-3 विकेट लिये। डॉक्टर्स इलेवन के कप्तान डॉ जीडी वर्मा ने अपने कुशल रणनीति से टीम को लगातार 11वीं जीत दर्ज कराने में महती भूमिका निभाई।
मैच के मुख्य अतिथि यातायात सब इंस्पेक्टर जय बहादुर यादव रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार खेल आयोजन से लोगों को सड़क सुरक्षा यातायात के नियमों का पालन करने में मदद मिलेगी। सभी लोग वाहन को अपने लेन में ही चलायें। विशिष्ट अतिथि नेत्र सर्जन डॉ राजेश गुप्ता ने शारीरिक स्वास्थ्य पर बल देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों को फिटनेस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। इससे खेल के मैदान पर हार और जीत में अंतर पैदा होता है।सभी वाहन चालक हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें और रात्रि के समय वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार का नशे का सेवन न करें। प्लेयर ऑफ द मैच हेमंत सिंह पालीवाल, बेस्ट गेंदबाज डॉक्टर आमोद, बेस्ट बल्लेबाज डॉ प्रवेश वर्मा, बेस्ट क्षेत्ररक्षक रवि भद्र सिंह तथा बेस्ट विकेट कीपर का पुरस्कार डॉक्टर साजन देव केशर को मिला।
मैच में अम्पायर कमेंटेटर की भूमिका में अजय श्रीवास्तव, डॉक्टर एस०एम० बाकिर एवं स्कोरर विक्रम सिंह, विकास रहे। इस अवसर पर डॉक्टर जे के वर्मा, डॉ चन्द्रभान, आनन्द शर्मा आलोक, दीपक, पंकज, डॉक्टर अनीश, डॉ अभिनीत यादव, डॉ विमल, विक्रम, विनय, अश्विनी, कुलदीप, रजनीश, अरविंद, समरजीत, आदर्श सहित सभी खेल प्रेमी मौजूद रहे।


Comments