एटीएम लूट की कोशिश में पुलिस की सतर्कता से एक बदमाश दबोचा

.......संदिग्ध कार देख पुलिस ने शुरू की जांच, दो युवक भागे, एक पकड़ा गया; दूसरे की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे में मौरांवा रोड स्थित इंडिया वन एटीएम को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे बदमाशों की साजिश पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गई। गश्त के दौरान एटीएम के पास संदिग्ध कार देखकर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस को देखते ही कार के पास मौजूद दो युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
 
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज राम बाबू सिंह पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कस्बे में एटीएम के पास एक संदिग्ध कार खड़ी दिखाई दी। शक होने पर कस्बा चौकी प्रभारी अतुल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार की जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई देख वहां मौजूद दोनों युवक भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया।
 
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने एटीएम मशीन की स्क्रीन, कीपैड, कार्ड रीडर समेत अन्य पुर्जों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके अलावा एटीएम में लगा कैमरा भी चोरी कर लिया गया। पकड़े गए युवक से पुलिस उसके फरार साथी और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
 
घटना के संबंध में इंडिया वन एटीएम के फ्रेंचाइजी पार्टनर राहुल गुप्ता की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें