जालौन बीहड़ नहीं बल्कि विकास और विरासत की पहचान बना- योगी आदित्यनाथ
1273.96 करोड़ की 374 परियोजनाओं की सौगात से बदलेगी जिले की तस्वीर
उरई(जालौन)- मुख्यमंत्री उप्र योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम उरई में आयोजित जनसभा में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासपरक योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत योजना, कृषि एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आवास की चाबी, ऋण स्वीकृति, सोलर रूफटॉप स्वीकृति, कृषि यंत्र, गोल्डन कार्ड एवं अन्य सहायता सामग्री वितरित की। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के खातों में 13 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये की सीसीएल, आरएफ एवं सीआईएफ धनराशि हस्तांतरित कर महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को नई मजबूती प्रदान की।
.jpg)
मुख्यमंत्री ने बटन दबा कर जनपद जालौन को 1273.96 करोड़ रुपये की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 216 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 158 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, विद्युत, नगर विकास, पुलिस एवं राजस्व विभाग से जुड़ी अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में जिन प्रमुख विकास कार्यों को गति मिली उनमें उरई तहसील का नवीन भवन, पुलिस लाइन में टाइप-ए एवं टाइप-बी आवासीय भवन, मेडिकल कॉलेज में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर यूनिट, नगर पालिका कालपी की पेयजल योजना, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, राठ-कालपी-मदारीपुर मार्ग का सुदृढ़ीकरण, उरई-इटौरा मार्ग का चौड़ीकरण, जालौन देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों का चौड़ीकरण, कालपी अग्निशमन केंद्र के भवन, उरई तहसील परिसर में एनआईसी भवन, हाईटेक नर्सरी की स्थापना तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जनपद जालौन की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नमन किया। उन्होंने जालौन माता मंदिर, बैरागढ़ स्थित मां शारदा मंदिर, महर्षि वेदव्यास की जन्मभूमि तथा ऋषि जलवान की तपोभूमि का स्मरण करते हुए कहा कि यह भूमि वीरता, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की प्रतीक रही है। महारानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे एवं नाना साहब पेशवा के संघर्षों से जुड़ी यह धरती देश के गौरवशाली इतिहास की साक्षी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कालपी का हस्तनिर्मित कागज, विश्व प्रसिद्ध मटर तथा ओडीओपी योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि कालपी के हैंडमेड पेपर को जीआई टैग मिलने के बाद उसका निर्यात ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका, जर्मनी और जापान सहित अनेक देशों में हो रहा है, जो जालौन के लिए गौरव की बात है।
.jpg)
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय बुंदेलखंड सूखा, पलायन, बीहड़ और दस्यु गतिविधियों के कारण जाना जाता था, लेकिन आज डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यह क्षेत्र विकास का नया मॉडल बन चुका है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे, प्रस्तावित औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक कॉरिडोर, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, सोलर ऊर्जा परियोजनाओं तथा सिंचाई योजनाओं ने पूरे क्षेत्र को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि देश का पहला सोलर एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड में विकसित हो रहा है, जिससे लगभग एक लाख घरों को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जालौन को औद्योगिक, कृषि एवं निवेश के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक कॉरिडोर, फ्यूचर रेडी इंडस्ट्रियल टाउनशिप, डाटा सेंटर क्लस्टर तथा एमएसएमई आधारित उद्योगों के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि नून नदी के पुनर्जीवन, अमृत सरोवरों के निर्माण, गो-संरक्षण, ग्रामीण विकास, पेयजल योजनाओं तथा कृषि आधारित परियोजनाओं ने जालौन को विकास के नए मानक स्थापित करने वाला जनपद बनाया है। रंगोली ग्राम पंचायत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की पहली ऐसी ग्राम पंचायत बनी है जिसने जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य को प्राप्त कर गरीबी उन्मूलन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। माफिया, संगठित अपराध एवं नकल माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया के लिए अब सिर्फ दो ही जगह बची है, जेल या जहन्नुम। नकल माफिया भी नहीं बचेंगे। उनकी संपत्ति जब्त होगी, 10 साल तक जेल और 10 करोड़ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड को डकैत और माफिया के डर से निकालकर विकास की नई पहचान दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शाम होते ही बुंदेलखंड में लोगों की आवाजाही बंद हो जाती थी और डकैतों का आतंक शुरू हो जाता था। आज डबल इंजन की सरकार ने कानून व्यवस्था मजबूत कर पूरे क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ दिया है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इसकी कनेक्टिविटी में जालौन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि झांसी लिंक एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर, फ्यूचर रेडी इंडस्ट्रियल टाउनशिप और डाटा सेंटर क्लस्टर जैसी परियोजनाएं लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी। प्रदेश सरकार ने संगठित अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। अब तक 600 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा, ‘हमने कहा था माफिया मिट्टी में मिलेंगे और आज वे मिट्टी में मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नकल माफिया के खिलाफ सख्त कानून लाने का फैसला किया है।
जो छात्र-युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करेगा, उसे 10 साल तक जेल और 10 करोड़ रुपए तक जुर्माना भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई शुरू हो चुकी है। पिछले 48 घंटे में 47 अधिकारियों को बर्खास्त किया गया, कई लोगों को जेल भेजा गया और उनकी संपत्तियों की जांच शुरू हो गई है और नीट पेपर लीक मामले में किसी भी दोषी को सरकार बख्शेगी नहीं। हमारी सरकार हो या संगठन दोनों जगहों पर महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है। इस जनपद में तो भाजपा की जिलाध्यक्ष महिला है इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है।
अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है जिससे पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जनपद जालौन को 1273.96 करोड़ रुपये की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है, जिनमें 216 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 158 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं में ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर यूनिट, पुलिस लाइन के आवासीय भवन, कालपी पेयजल योजना, उरई-इटौरा मार्ग का चौड़ीकरण, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सड़क एवं पुल निर्माण सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयास और सरकार की प्रतिबद्धता के कारण जालौन निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर एवं विकसित जालौन, आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की मजबूत आधारशिला बनेगा और विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष/ प्रशासक घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर शाहू, जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, पालिकाध्यक्ष उरई गिरजा चौधरी, पालिकाध्यक्ष कोंच प्रदीप कुमार गुप्ता, पालिकाध्यक्ष जालौन नेहा पुनीत मित्तल, पालिकाध्यक्ष कालपी अरविंद यादव, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा, पूर्व विधायक केशव सिंह सेंगर, पूर्व विधायक संतराम सिंह सेंगर, पूर्व विधायक अरुण महरोत्रा, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, क्षेत्रीय मंत्री संजीव उपाध्याय, पूर्व जिला अध्यक्ष नागेंद्र गुप्ता, उदयन पालीवाल, रामेंद्र सिंह सेंगर, जगदीश तिवारी, ब्रजभूषण सिंह सहित मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।
yogi adityanath swatantra prabhat uttar pradesh government jalaun news pm awas yojana Ayushman Bharat Scheme Law and Order UP Orai news Self Help Groups Women Empowerment UP Uttar Pradesh news today Bundelkhand Expressway CM Yogi Jalaun Visit Bundelkhand Development Uttar Pradesh Development Projects Jalaun Development Projects ₹1273 Crore Projects Sports Stadium Orai Green Energy Corridor Kalpi Handmade Paper GI Tag Kalpi Paper Industrial Corridor UP Solar Expressway Bundelkhand MSME Uttar Pradesh Yogi Adityanath Speech


Comments