मलिहाबाद के रहमानखेड़ा में आधी रात रिहायशी इलाके में घुसा विशालकाय अजगर, बिल्ली को बनाया शिकार; ग्रामीणों में दहशत

राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र स्थित रहमानखेड़ा में मंगलवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब रहमानखेड़ा के जंगल से निकलकर एक विशालकाय अजगर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। अजगर रहमानखेड़ा निवासी फैजू के घर में घुस गया

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

IMG-20260715-WA0006
मलिहाबाद (लखनऊ)। 
 
 
राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र स्थित रहमानखेड़ा में मंगलवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब रहमानखेड़ा के जंगल से निकलकर एक विशालकाय अजगर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। अजगर रहमानखेड़ा निवासी फैजू के घर में घुस गया और वहां मौजूद एक बिल्ली को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार की रात करीब 12:30 बजे की है। घर में अजगर दिखाई देने के बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। विशालकाय अजगर द्वारा बिल्ली को निगल लेने की घटना से लोग भयभीत हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने कब्जे में लिया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि इस दौरान पूरे गांव में लोगों की भीड़ जमा रही और हर कोई इस विशालकाय अजगर को देखने के लिए मौके पर पहुंच गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रहमानखेड़ा का जंगल काफी विस्तृत क्षेत्र में फैला हुआ है, जहां अजगर सहित कई प्रकार के जंगली जीव-जंतु बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में कभी-कभी जंगली जानवरों के पहुंचने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे लोगों में हमेशा भय बना रहता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगल से लगे गांवों में नियमित निगरानी रखी जाए और ऐसे क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी बड़ी घटना से बचा जा सके। वन विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि यदि किसी को जंगली जीव दिखाई दे तो स्वयं उसे पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें।

इस घटना के बाद रहमानखेड़ा क्षेत्र में लोगों के बीच डर का माहौल है और ग्रामीण अपने परिवारों व पालतू जानवरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। 
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें