नवीनतम
मलिहाबाद: प्रधान का कार्यकाल खत्म, सचिव और ब्लॉक अधिकारियों की लापरवाही से चाँदपुर गंदगी में डूबा
सफाई अभियान चलाकर लोगों को गंदगी और संभावित बीमारियों से राहत दिलाई जाए
मलिहाबाद, लखनऊ। मलिहाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत सुरगौला के ग्राम चाँदपुर की स्थिति जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। गांव में जगह-जगह खुली नालियां, रास्तों पर फैली गंदगी और उगी झाड़ियां ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो गए हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब प्रधान का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, जिसके बाद सफाई व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे दिखाई दे रही है। आरोप है कि सफाईकर्मी मनमानी कर रहे हैं और नियमित सफाई नहीं की जा रही है, जिससे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
ग्रामीणों ने पंचायत सचिव पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सचिव गांव की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं और पंचायत का रुख करना भी पसंद नहीं करते। वहीं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों पर भी लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो निरीक्षण किया गया और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया।
गांव की बदहाल तस्वीरें यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सफाई व्यवस्था और विकास कार्य धरातल पर क्यों दिखाई नहीं दे रहे हैं। यदि समय रहते नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और रास्तों की साफ-सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान बीमारियों का खतरा और अधिक बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम चाँदपुर की स्थिति का तत्काल संज्ञान लेकर पंचायत सचिव, सफाई व्यवस्था और ब्लॉक स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा गांव में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाकर लोगों को गंदगी और संभावित बीमारियों से राहत दिलाई जाए।
swatantra prabhat lucknow news Swachh Bharat Mission malihabad news Public Health Concern Rural Development Panchayat secretary negligence village infrastructure Public Grievance Local Governance Civic Issues Monsoon Problems Chandpur Village Surgaula Gram Panchayat Rural Sanitation Crisis Village Cleanliness Issue Open Drains Block Administration Uttar Pradesh Villages Sanitation Campaign


Comments