पत्रकारों पर हमले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो -:एनयूजे
नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, बिहार
पटना, 23 जुलाई। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) बिहार ने दिल्ली और पटना में पत्रकारों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने केंद्र एवं राज्य सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में एनयूजे बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राकेश प्रवीर और महासचिव कृष्णकांत ओझा ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली में संसद भवन पर हुए आंदोलन तथा 22 जुलाई को पटना में छात्रों के प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार और बदसलूकी की घटनाएं बेहद निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया ने पेपर लीक मामले और संसद मार्च सहित विभिन्न आंदोलनों की निष्पक्ष एवं सकारात्मक कवरेज की है, इसके बावजूद पत्रकारों, विशेषकर महिला पत्रकारों और कैमरामैन के साथ हुई अभद्रता लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
संगठन ने कहा कि यदि बदसलूकी करने वाले लोग प्रदर्शनकारी नहीं भी थे, तब भी आंदोलन के आयोजकों की जिम्मेदारी बनती है कि ऐसी घटनाओं की जवाबदेही तय हो। एनयूजे बिहार ने सरकार से मांग की है कि पत्रकारों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार और बदसलूकी करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा क्षतिग्रस्त कैमरों और अन्य उपकरणों के नुकसान की भरपाई भी कराई जाए।


Comments