नवीनतम
फीचर्ड
गंगाघाट पुलिस ने बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर दिया पारिवारिक एकता और महिला सम्मान का संदेश
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और परिवारों में आपसी प्रेम, विश्वास तथा सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को गंगाघाट पुलिस द्वारा बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल का आयोजन किया गया।
उन्नाव। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और परिवारों में आपसी प्रेम, विश्वास तथा सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को गंगाघाट पुलिस द्वारा बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल का आयोजन किया गया। जाजमऊ चौकी क्षेत्र के ग्राम रजवा खेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सास, बहू, ननद, भाभी, माताएं, बेटियां, छात्राएं एवं ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गंगाघाट अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान महिलाओं को परिवार में प्रेम, सम्मान और संवाद बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
सम्मेलन में परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मनीष सिंह सेंगर, चौकी प्रभारी विनोद सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष तथा ग्राम प्रधान गोविंद निषाद सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक परिवार में बहू को बेटी के समान सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए तथा परिवार के सभी सदस्यों के बीच आपसी विश्वास और संवाद ही खुशहाल जीवन की आधारशिला है।
क्षेत्राधिकारी विनी सिंह ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा एंबुलेंस सेवा 108 की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने परिवार की खुशहाली के लिए प्रेम, विश्वास और सम्मान को सबसे महत्वपूर्ण बताया तथा महिलाओं से घर-परिवार में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब रहा जब सास-बहू, ननद-भाभी और मां-बेटी ने एक-दूसरे को माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और गले लगाकर पारिवारिक एकता एवं समरसता का संदेश दिया। उपस्थित महिलाओं ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अंत में चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अपने परिवारों में प्रेम, सम्मान और सौहार्द बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।


Comments