बभनान मंडी के मुख्य द्वार पर जलभराव व गंदगी, व्यवस्था पर उठे सवाल मच्छरों का प्रकोप 

बस्ती जिले के नगर पंचायत बभनान के वार्ड संख्या 3 पटेल नगर स्थित बभनान–गौर मार्ग पर बनी नवीन सब्जी मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या सामने आई है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

बस्ती। बस्ती जिले के नगर पंचायत बभनान के वार्ड संख्या 3 पटेल नगर स्थित बभनान–गौर मार्ग पर बनी नवीन सब्जी मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या सामने आई है। मंडी जैसे व्यस्त स्थल के गेट पर बदहाल स्थिति से राहगीरों, ग्राहकों और व्यापारियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
 
मंडी के मुख्य गेट के ठीक सामने सड़क पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है, जिससे वहां कीचड़युक्त हालात बन गए हैं। लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा हो गया है, जहां फिसलने की आशंका बनी रहती है।
 
सड़क किनारे कूड़े का ढेर और जलभराव की स्थिति नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। गंदगी के कारण आसपास दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही मंडी में आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
 
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि नियमित सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है।
 
मंडी में दुकान लगाने वाले व्यापारियों ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इससे उनके व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है।
वहीं, क्षेत्रीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं।
 
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी (ईओ) कीर्ति सिंह ने बताया कि नाला खुदाई का कार्य कराया जा रहा है और वर्तमान में मिट्टी व पत्थर निकाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया जा रहा है और शीघ्र ही सड़क को समतल कराकर जलभराव की समस्या दूर कर दी जाएगी। कुछ तकनीकी दिक्कतें हैं, जिन्हें जल्द ठीक कर लिया जाएगा।
 
फिलहाल स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि मंडी परिसर में स्वच्छता और सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सके।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें